Pilibhit News: मीटर रीडर को बकाया देकर एकमुश्त योजना का ले सकते हैं लाभ
पूरनपुर। पावर कॉरपोरेशन की एक मुश्त समाधान योजना में बकाया जमा करने के लिए एक और काउंटर बना दिया गया है। उपभोक्ताओं को घर बैठे भी योजना का लाभ देने की जिम्मेदारी मीटर रीडरों को सौंपी गई है। मीटर रीडिंग के दौरान बिल निकालने पर उपभोक्ता मीटर रीडर से अपना पंजीकरण कराने के साथ बकाया जमा कर छूट का लाभ ले सकेंगे।
पूरनपुर डिवीजन 70 मीटर रीडर कार्यरत है। विभाग की ओर से चलाई जा रही एक मुश्त समाधान योजना में बकाया जमा करने की जिम्मेदारी मीटर रीडरों को भी दी गई है। इसके लिए उपभोक्ता स्वेच्छा से मीटर रीडर के पास बिल जमा कर सकेगें। मीटर रीडर उपभोक्ता का पंजीकरण कर क्यूआर कोड के माध्यम से बिल जमा करेंगे।
इसके अलावा डिवीजन कार्यालय में एक अन्य काउंटर बनाया गया है। अधिशासी अभियंता प्रशांत गुप्ता ने बताया कि ओटीएस योजना का लाभ अधिक उपभोक्ताओं को मिल सके इसके लिए मीेटर रीडरों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही दो और काउंटर बढ़ाए जाएगे। काउंटरों पर बिल जमा करने की जिम्मेदारी विद्युत सखियों को सौंपी जा रही है। उन्होंने बताया कि डिवीजन में 30 विद्युत सखियां हैं। इनमें से 15 सक्रिय है। दो सक्रिय सखियों को बकाया बिल जमा करने की जिम्मेदारी दी जा रही है।

