Shahjahanpur News: हथकड़ी छोड़ बाइक पर बैठकर आराम करते रहे सिपाही, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 16 Nov 2023 12:11 AM IST
शाहजहांपुर। थाने से कलक्ट्रेट में नगर मजिस्ट्रेट के कार्यालय में जमानत के लिए आने अभियुक्तों को पेश करने में बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिसकर्मी ने हथकड़ी छोड़ दी और खुद बाइक पर बैठकर आराम करते रहे। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस की हिरासत से आरोपियाें के भागने के किस्से आए दिन सामने आते रहते हैं। करीब 15 दिन पहले कचहरी परिसर से पुलिस की सुरक्षा को धता बताकर दुष्कर्म का एक आरोपी भाग गया था। रोजा पुलिस ने उसे हरदोई से गिरफ्तार किया था। पुलिस की लापरवाही का एक और वीडियो सामने आया है। वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है, जिसमें कलक्ट्रेट में नगर मजिस्ट्रेट के सामने हथकड़ी के साथ तीन आरोपी खड़े हैं। जबकि उसे लाने वाला सिपाही और होमगार्ड स्कूटर पर बैठकर आराम कर रहे हैं। तीनों की कस्टडी में लापरवाही बरती गई। सिपाही आरसी मिशन थाने का बताया जा रहा है। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

