Pilibhit News: पत्नी से झगड़ा होने पर युवक ने दहेज का सामान जलाया
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 03 Sep 2023 11:36 PM IST
पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निरंजन कुंज कॉलोनी में तेजेंद्र शर्मा ने पत्नी से झगड़ा होने पर नशे की हालत में शादी में मिला दहेज का सामान जला दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पत्नी ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जहानाबाद क्षेत्र के गांव खरूआ निवासी ज्योति शर्मा ने बताया कि उनकी शादी 2017 में कोतवाली क्षेत्र के निरंजनकुंज कॉलोनी निवासी तेजेंद्र शर्मा से हुई थी। वह आए दिन झगड़ा करता रहता है। इसके चलते डेढ़ माह से वह अपने मायके में रह रही है। शनिवार की रात पति ने नशे में करीब 11 बजे दहेज के सामान में आग लगा दी। घर में मौजूद ससुर ने रोकने का प्रयास किया तो तेजेंद्र ने उनसे मारपीट की।
घर से आग की लपटें निकलने पर कॉलोनी के लोगों ने कोतवाली पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। किसी ने मायके वालों को भी सूचना दे दी। फायर ब्रिगेड ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। इसके बाद कोतवाली पुलिस तेजेंद्र को अपने साथ कोतवाली ले गई। पत्नी ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को देकर बताया कि आग में लगभग 10 लाख रुपये का सामान जल गया है। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।