Pilibhit News: जमीन के विवाद में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
ग्राम मिंतरपुर में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र के गांव मिंतरपुर निवासी लालाराम पुत्र नंदलाल को गांव के दो युवकों ने सोते समय गोली मार दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिंतरपुर गांव के रहने वाले लालाराम अपने पूरे परिवार के साथ बिहारीपुर इटौरिया में दीपक ब्रिक फील्ड पर ईंटें पाथने का काम करता है। बताया जा रहा है कि युवक का अपने गांव मिंतरपुर के डोरीलाल व भूपेंद्र पुत्र बाबूराम से पिछले काफी लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसको लेकर मुकदमा भी कोर्ट में विचाराधीन है। बुधवार रात वह भट्ठे पर ही मच्छरदानी में सोया हुआ था। उसके चारपाई के पड़ोस में बैटरी वाली रॉड जल रही थी। दोनों युवकों वहां आए और उसके गोली मार दी। जो कि लालाराम की कोख में जा लगी।
गोली की आवाज सुनते ही वहां पर सो रहे अन्य मजदूर भी जाग गए। जब तक मजदूर मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी वहां से भाग गए। भट्ठे पर ही काम करने वाले एक युवक ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी प्रभाष चंद्र ने बताया तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।