Pilibhit: प्रार्थना सभा की आड़ में करा रहे थे धर्मांतरण, पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

प्रतीकात्मक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर में मोहल्ला साहूकारा लाइनपार में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला महामंत्री संजय मिश्रा की ओर से दर्ज की गई रिपोर्ट में रामकुमार, उसकी पत्नी, पुत्र, पुत्रवधू और गांव बंजरिया निवासी भगवानदीन को नामजद किया गया है।
रविवार को राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला महामंत्री अपने साथी विवेक मिश्रा, हर्ष प्रधान, सूरज बाथम, अभिषेक आदि के साथ जलाभिषेक यात्रा में शामिल होने के लिए लोगों से संपर्क कर रहे थे, तभी साहूकारा लाइनपार में रामकुमार के घर से निकली कई महिलाओं के हाथों में ईसाई साहित्य देखकर उनसे जानकारी ली। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के रामकुमार के घर पहुंचने से पहले अधिकांश महिला, पुरुष जा चुके थे। घर में प्रार्थना सभा हो रही थी।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रार्थना सभा में हिंदू महिला-पुरुषों को लालच देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इस पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रामकुमार, उसकी पत्नी और पुत्र को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने संजय मिश्रा की ओर से रामकुमार, उसकी पत्नी, पुत्र, पुत्रवधू और गांव बंजरिया निवासी भगवानदीन के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।