Budaun: उझानी में प्रत्याशियों समेत 900 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई, 250 को रेड कार्ड, नौ पर लगा गुंडा एक्ट

उझानी कोतवाली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के उझानी में निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन स्तर से कार्रवाई तय कर दी गई है। पुलिस ने शांतिभंग होने की आशंका के चलते 900 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की है। इनमें पालिकाध्यक्ष और सदस्य पद के प्रत्याशी भी शमिल हैं। सभी को मुचलके पर पाबंद किया जा रहा है।
निकाय चुनाव के मद्देनजर पुलिस कार्रवाई का सिलसिला पिछले दिनों शुरू हुआ। पुलिस के मुताबिक आपराधिक प्रवृति का कोई भी व्यक्ति चुनाव प्रभावित नहीं कर पाए, इसलिए सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी पशु चोर गिरोह के सदस्यों पर गैंगस्टर के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गैंग का सरगना उमेश हालांकि जेल में है, लेकिन उसके गिरोह के चार साथी आपराधिक घटना के जरिए माहौल खराब कर सकते थे। नौ लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट और 61 लोगों पर 110 जी (मिनी गुंडा एक्ट ) की रिपोर्ट भेजी गई है। 1285 लाइसेंसी असलाहों में एक हजार से अधिक बंदूक, रायफल, रिवाल्वर, पिस्टल आदि जमा कर ली गई है।