बरेली
के0सी0एम0टी0 पुष्प प्रदर्शनी में प्रकृति के सौंदर्य से रूबरू हुए बरेलीवासी,निर्धनों को वितरित किए गए रजाई-कंबल
खंडेलवाल कॉलेज में भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महाविद्यालय परिसर में सामाजिक सेवा एवं प्रकृति संरक्षण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर गांव के लगभग 300 निर्धन ग्रामीणों को कड़ाके की सर्दी से बचाव हेतु रजाई-कंबल वितरित किए गए तथा उनके लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।कार्यक्रम संस्था के अध्यक्ष श्री गिरधर गोपाल जी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा विगत 24 वर्षों से निरंतर इस प्रकार के सेवा कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना विकसित करने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाती है।साथ ही महाविद्यालय के हरे-भरे परिसर में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी ने जनमानस और विद्यार्थियों को प्रकृति के सौंदर्य से रूबरू कराया। कड़ाके की सर्दी के बावजूद बड़ी संख्या में बरेलीवासी फ्लावर शो देखने पहुंचे और फूलों के मनोहारी रंग-रूप के बीच प्रकृति के सौंदर्य का आनंद लेते हुए सेवा कार्यों में सहभागिता निभाई।कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में माननीय डॉ. अरुण कुमार, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, उत्तर प्रदेश तथा अति विशिष्ट अतिथि श्री संतोष कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त,बरेली उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त माननीय श्री संजीव अग्रवाल, विधायक कैंट, श्रीमती रश्मि पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष, बरेली एवं नगर के अनेक प्रतिष्ठित समाजसेवी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।संस्था की ओर से अतिथियों का स्वागत चेयरमैन श्री गिरधर गोपाल, प्रबंध निदेशक डॉ. विनय खंडेलवाल, महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार, प्राचार्य डॉ. आर.के.सिंह, श्री देवेंद्र खंडेलवाल एवं इंजीनियर प्रेम प्रकाश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया।



