Rampur : घर के बाहर खेल रही सात साल की बच्ची कूड़े के जलते ढेर में गिरी, मौत से बिलख उठे परिजन

demo pic…
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सैदनगर में घर के बाहर खेल रही सात साल की बालिका जलते हुए कूड़े के ढेर में जा गिरी जिससे उसकी जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रोकर बुरा हाल है।
यह दर्दनाक हादसा अजीमनगर थाना क्षेत्र के नगलिया आकिल गांव का है। गांव निवासी मकबूल की सात साल की बेटी जेबा घर के बाहर कूड़े के ढेर के पास खेल रही थी। घर के बाहर ही कूड़े के ढेर में किसी ने आग लगा दी थी। जलते हुए कूड़े के ढेर में जेबा अचानक गिर गई। बालिका की चीख पुकार सुनकर साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचा दिया।
इस बीच आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने कूड़े के ढेर में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन जब तक बालिका को आग से बाहर निकाला तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी।
परिवार के लोग बालिका को लेकर पास के ही निजी चिकित्सक में गए जहां पर डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजन बालिका का शव लेकर घर आए तो कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रोकर बुरा हाल है।
बीड़ी से आग लगने की आशंका
बताते हैं कि कूड़े के ढेर में किसी ने जलती बीड़ी को फेंक दिया जिससे आग लग गई। इस तरह की आशंका ग्रामीण जता रहे हैं। हालांकि इस मामले में फिलहाल कोई बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस भी इस घटना से अंजान है।