रामपुर बार चुनाव: 699 अधिवक्ता आज करेंगे मतदान, कल आएगा रिजल्ट… कई दिनों से चल रही थी नामांकन प्रक्रिया

रामपुर बार एसोसिएशन के चुुनाव जारी
– फोटो : संवाद
विस्तार
रामपुर बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए बुधवार को मतदान चल रहा है। पहली दफा मतदान के बाद मतगणना अगले दिन कराई जाएगी। बृहस्पतिवार को मतगणना होगी और फिर इसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए कई दिनों से प्रक्रिया चल रही थी।
नामांकन प्रक्रिया के बाद पिछले कई दिनों से चुनाव प्रचार किया गया। देर रात तक प्रत्याशी चुनाव प्रचार में डटे रहे। बुधवार सुबह से मतदान शुरू हो गया। जो शाम 4.30 बजे तक चलेगा। इस बार एल्डर कमेटी ने मतदान की मतगणना अगले दिन कराने का फैसला लिया है।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन केबी माथुर ने बताया कि मतगणना का कार्य इस बार बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे से बार सभागार में किया जाएगा। मतगणना के बाद परिणाम की भी घोषणा कर दी जाएगी। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
इन पदों पर होगा मुख्य मुकाबला
अध्यक्ष पद- राजेंद्र प्रसाद लोधी, सतनाम सिंह मट्टू, राम सिंह लोधी, अहमद अली अंसारी, रमेश बाबू, ओमेंद्र पांडे।
महासचिव पद- रोमित कुमार सिंह, सर्वजीत सिंह, अशोक कुमार पाल, शिव नरेश तोमर, अमरपाल पटेल, मुसाहफ अली, जाहिद खां।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद : सौरभ सक्सेना और असलम खां
बार चुनाव में 699 अधिवक्ता करेंगे वोट
बार एसोसिएशन के चुनाव में 699 अधिवक्ता ही मतदान करेंगे। हालांकि बार सदस्यों की संख्या 747 है लेकिन 48 अधिवक्ताओं ने वार्षिक चंदा जमा नहीं किया है। इस कारण उनको वोट देने का अधिकार नहीं होगा। एल्डर कमेटी के चेयरमैन केबी माथुर ने बताया कि मतदाता को बार काउंसिल की ओर से जारी सीओपी प्रमाणपत्र व बार काउंसिल की ओर से जारी पहचान पत्र दिखाने पर ही मतदान का अधिकार होगा। मतदान सुबह दस बजे से शाम 4.30 बजे तक चलेगा।


