Rampur: रामपुर आएंगी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, रजा लाइब्रेरी की बोर्ड मीटिंग में होंगी शामिल

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल (सांकेतिक तस्वीर)
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बुधवार को रामपुर आ रही हैं। राज्यपाल मूंढापांडे हवाई पट्टी पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगी। फिर दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे से कार के काफिले के साथ रजा लाइब्रेरी पहुंचेंगी। राज्यपाल यहां 11 सदस्यों के साथ रजा लाइब्रेरी के बोर्ड की बैठक में भाग लेंगी। उनके आगमन को लेकर मंगलवार को दिन भर तैयारियां चलती रहीं।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल रजा लाइब्रेरी के बोर्ड की अध्यक्ष हैं। बोर्ड समिति में 11 सदस्य शामिल हैं। सदस्यों के साथ बुधवार को बोर्ड की बैठक होनी है। बुधवार सुबह 10.30 बजे राज्यपाल का हेलीकॉप्टर मूढ़ापांडे हवाई पट्टी पर उतरेगा। इसके बाद वह कार के जरिए रजा लाइब्रेरी को रवाना होंगी। वह लाइब्रेरी में प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। सुबह 11 बजे लाइब्रेरी के बोर्ड बैठक में शामिल होंगी।
बैठक लाइब्रेरी के पास रंग महल में होगी। बैठक के पश्चात राज्यपाल अधिकारियों संग केंद्र सरकार के कार्यों की समीक्षा करेंगी और क्षय रोगियों को पोषण किट देंगी। आंगनबाड़ी वर्करों को सम्मानित भी करेंगी। इस दौरान राज्यपाल लाइब्रेरी का निरीक्षण भी करेंगी। प्रशासन को उनके आगमन का कार्यक्रम दो दिन पहले मिल गया था। जिसको लेकर अधिकारियों को उनके विभागों के अनुसार जिम्मेदारी सौंप दी गई हैं। रजा लाइब्रेरी में विशेष तैयारियां की गई हैं। मीटिंग हॉल से लेकर पूरे परिसर को बेहतर तरीके से सजाया गया है।