Rampur News: 1117 लाभार्थियों को मिलेगा आवास योजना का लाभ
रामपुर। जिले के पात्रों को जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा। जिले में आवास का लक्ष्य बढ़ा दिया गया है, जिसके बाद अब 1117 पात्र लाभार्थियों को आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। सभी ब्लॉकों के बीडीओ को पत्र भेजकर पात्र लाभार्थियों की सूची मांगी है।
वर्ष 2022-23 में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 3385 आवास का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। जिसमें 3313 को पहली, 3264 को दूसरी और 1634 को तीसरी किस्त जारी हो चुकी है। करीब 1700 लाभार्थियों के आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। वर्ष 2023-24 में जिले को 1117 आवास बनाने का लक्ष्य और दिया गया है। विकास विभाग ने ब्लॉक वार लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। सबसे अधिक लक्ष्य स्वार और बिलासपुर ब्लॉक का है। परियोजना निदेशक मंसाराम यादव ने बताया कि सभी ब्लॉकों को लक्ष्य दिया गया है। साथ ही ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों को पत्र सहित सूची भेजी दी गई है। लाभार्थियों को आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। कुछ ही दिन पहले लक्ष्य मिला है। आवास निर्माण में लाभार्थी को पहली किस्त में 70 हजार रुपये, दूसरी किस्त में 40 हजार रुपये और तीसरी किस्त में 20 हजार रुपये दिए जाते हैं। सरकार की ओर से 90 दिन का परिश्रामिक मिलता है।

