Rampur News: ओपीडी में 1140 मरीज पहुंचे, 200 बुखार के
रामपुर। जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में कुल 1140 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें से 200 के करीब बुखार के मरीज से पीड़ित थे।
जिला अस्पताल में सोमवार को पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कमरे और दवा वितरण कक्ष तक मरीजों की भीड़ रही। मरीजों को देखने में डॉक्टरों के पसीने छूट गए। जनरल ओपीडी में चार डॉक्टरों ने मरीजों को देखा। एक डॉक्टर के पास 150 से 200 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 200 के करीब मरीजों को बुखार था। डॉक्टरों ने बताया कि बारिश बाद धूप खिलने की वजह से मौसम में बदलाव है। इसलिए बुखार की समस्या बढ़ी है। लोग अपने खानपान पर विशेष ध्यान दें। बीमार होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
बच्चों में डायरिया की शिकायत बढ़ी
नरम-गरम हो रहे मौसम में बच्चों की सेहत खराब हो रही है। बच्चे डायरिया से पीड़ित हो रहे हैं। जिला अस्पताल में रोजाना 20 से 25 मासूम अपनी मां की गोद में इलाज को पहुंच रहे हैं। अस्पताल में बाल रोग का कोई विशेषज्ञ न होने की वजह से जनरल फिजिशियन बच्चों का इलाज कर रहे हैं।
बच्चों का ऐसे करें बचाव
-बच्चों को बारिश में भीगने से बचाएं, धूप में न निकलने दें।
-बच्चों को गाय का दूध पिलाएं। डिब्बा बंद दूध से परहेज करें।
-बच्चों को ओआरएस का घोल पिलाएं।
-बीमार होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।


