रामपुर

Rampur News: ट्रांसफार्मर न बदलने से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन

Connect News 24

भोट (रामपुर)। पांच दिन पूर्व फुंके ट्रांसफार्मर को न बदले जाने से आक्रोशित भाकियू कार्यकर्ता ने विरोध प्रदर्शन कर बिजलीघर परिसर में हंगामा किया। धरने पर बैठ कर नारेबाजी की। इस दौरान जेई द्वारा आश्वासन दिए जाने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।

सोमवार की दोपहर भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ता व पदाधिकारी जिलाध्यक्ष मो. सलीम वारसी के नेतृत्व में भोट बिजलीघर पर एकत्र हुए। किसान बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष मो. सलीम वारसी ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा किसानों का खुलेआम शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविदा कर्मी किसानों व ग्रामीणों से अवैध वसूली करने में लगे हैं। किसानों को बिजली चोरी का खौफ दिखाकर फंसाने की धमकी दी जा रही है। अशोकपुर गांव में पिछले पांच दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका होने के कारण ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। कई बार लिखित व मौखिक रूप से शिकायत करने के बावजूद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा है। सरकार के आदेश की अनदेखी कर ग्रामीण क्षेत्र को शेड्यूल के अनुसार विद्युतापूर्ति नहीं की जा रही है। क्षेत्र में बिजली की लाइनें बहुत ही जर्जर हो चुकी हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जल्दी ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो बिजलीघर पर अधिकारियों को बंधक बनाकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों द्वारा धरना प्रदर्शन की सूचना पर जेई चंद्रिका यादव भी मौके पर पहुंच गए व समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। जेई के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर शाने आलम, मोहम्मद हसीब वारसी, अफसर, लियाकत अली, सद्दाम, मुर्तजा अली, महबूब अली, मो. आरिफ, महावीर सिंह, बलवीर सिंह, प्रेम सिंह, मोहित, मोर सिंह, राजकुमार, रवि विक्रम सिंह, मोहम्मद हाशिम, सचिन, निजाम अली आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button