Rampur News: 15 एमएम की बारिश ने खोल दी नगर पालिका की पोल
रामपुर। ड्रेनेज के लिहाज से रामपुर फिसड्डी साबित हुआ है। मामूली बारिश में ही सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं। शहर के कई इलाकों में जल भराव हो गया। नाली और नालों का गंदा पानी सड़कों पर उतर आया। जिससे जल भराव की स्थिति आ गयी। बारिश की वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गयी। दूसरे दिन हुई लगातार बारिश से उमस से लोगों को छुटकारा मिल गया। मौसम में काफी ठंडक रही, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली, जबकि सड़कों की किचकिच ने लोगों को परेशान कर दिया। रविवार को हुई 15 एमएम की बारिश ने मानसून के पहले की तैयारियां खोल कर रख दीं।
शहर में शाहबाद गेट और नबाव गेट निचले इलाके हैं, जिससे नालियों पूरी तरह से चोक होने के बाद पानी सड़कों पर आ गया, जिससे लोगों को निकलने में काफी असुविधा हुई। किचकिच की वजह से फुटपाथ पर चलने वाले लोग भी नहीं बच सके। कई घरों में नाली-नालों में रहने वाले कीड़े मकोड़े भी लोगो के घरों में घुसते रहे। डायमंड रोड की तरफ मकानों की जमीन काफी नीचे स्तर पर हैं, ऐसे में वहां पर जल्द पानी भर गया। यहां पर सुबह से नालियां चोक हो गई। जिससे लोगों का निकलना दूभर हो गया। इसके साथ ही नबाव गेट पर भी बारिश का यही हाल रहा। कई सड़कें जलमग्न हो गई। लवी मार्केट दूसरे दिन भी पूरी तरह से जलमग्न रहा। सुबह करीब हुई 15 एमएम की बारिश से नालियां और नाले पूरी तरह से चोक हो चुके थे। दोपहर दोपहर तक खुलकर झमाझम बारिश होती रही। दोपहर करीब तीन बजे बारिश बंद हुई, लेकिन बूंदाबांदी फिर भी होती रही। जबकि देर शाम में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विज्ञानी आरके सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा है जबकि रात भर 9.8 दक्षिण पूर्वी हवाओं ने ठंडक का अहसास कराया है।


