रामपुर

Rampur News: 30 हजार लाभार्थियों को आयुष्मान भव होने का इंतजार

Connect News 24

रामपुर। आयुष्मान भारत योजना का पोर्टल बंद होने से पात्र लाभार्थियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। उनके आयुष्मान कार्ड जारी नहीं हो पा रहे हैं। वहीं पोर्टल में खराबी की वजह से जिले भर में 30 हजार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड फंसे हुए हैं। समय पर कार्ड जारी न हो पाने की वजह से लाभार्थियों को मुफ्त इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है।

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना 23 सितंबर 2018 से लागू की गई थी। इस योजना में जिले भर में 1.92 लाख लाभार्थी परिवारों के आयुष्मान कार्ड जारी किए जाने हैं। जिले भर में एक लाख दो हजार परिवारों के आयुष्मान कार्ड जारी भी हो चुके हैं। बीते बुधवार से प्रदेश भर में आयुष्मान भव अभियान की शुरूआत हुई है। जिसमें जिले भर में 60 हजार गरीब लोगों के आयुष्मान कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। लाभार्थी अपना कार्ड बनवाने के लिए जिला अस्पताल या फिर नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर आयुष्मान मित्र के पास पहुंच रहे हैं तो उन्हें पोर्टल में तकनीकी समस्या की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, पिछले 15 दिनों से आयुष्मान भारत योजना का पोर्टल काम नहीं कर रहा है। इस कारण जिले भर में 30 हजार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड जारी नहीं हो पा रहे हैं। इन लाभार्थियों ने पोर्टल पर आवेदन किया, लेकिन कार्ड जारी होने से पहले ही पोर्टल बंद हो गया। दूसरी ओर नए पात्र लाभार्थी भी आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। जिले में अब तक 35 हजार लोग योजना का लाभ ले चुके हैं।

किस साल कितने परिवारों के बने आयुष्मान कार्ड

अब तक जिले में वर्ष 2018-19 में 12360, 2019-20 में 18431, 2020-21 में 13900, 2021-22 में 21537, 2022-23 में 32656 और 2023-24 में अब तक 4009 आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं।

तकनीकी कमी की वजह से आयुष्मान पोर्टल बंद है। इसलिए नए कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। पोर्टल सही करने के लिए लखनऊ से काम चल रहा है। उम्मीद है कि इस सप्ताह तक पोर्टल ठीक हो जाए और लोगों की दिक्कतें दूर होंगी।

– नरेंद्र चौधरी, जिला समन्वयक, आयुष्मान भारत योजना


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button