Rampur News: स्वेटर का इंतजार… सर्दी में ठिठुर रहे 30 हजार नौनिहाल
रामपुर। सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है। बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे ठिठुरते हुए जा रहे हैं। जिले के 1596 बेसिक स्कूलों में पंजीकृत 1.65 लाख बच्चों में से 30 हजार बच्चों को यूनिफॉर्म और स्वेटर के लिए पैसा नहीं मिला है। इसलिए वह इस सर्दी में बिना स्वेटर पहने स्कूल में पढ़ाई करने के लिए पहुंच रहे हैं।
दो दिन पहले हुई बूंदाबांदी से ठंड के तेवर तल्ख हो चुके हैं, लेकिन जिले के बेसिक स्कूलों के 30 हजार बच्चों को अब तक यूनिफाॅर्म व स्वेटर खरीदने के लिए रुपये नहीं मिले हैं। रुपये न मिलने का कारण अभिभावकों के बैंक खातों का आधार कार्ड से लिंक न होना बताया जा रहा है। तमाम बच्चे ऐसे भी हैं जिनका आधार कार्ड ही नहीं बना है। ऐसे में कहीं विभागीय लापरवाही तो कहीं अभिभावकों की उदासीनता बच्चों की ठिठुरने के लिए विवश कर रही है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले के 1596 बेसिक स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक 1.65 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें से 1.35 लाख छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में पहले चरण में ही शासन स्तर से यूनिफॉम, स्वेटर की धनराशि पहुंची है। 30 हजार छात्र-छात्राओं को अभी तक डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि नहीं मिली है। ये छात्र-छात्राएं ठंड में बिना स्वेटर के स्कूल आने के लिए मजबूर हैं।
लापरवाही की वजह से अधिकांश का पैसा नहीं आया
बच्चों को पैसे न मिलने में शिक्षकों की भी लापरवाही देखने को मिल रही है, क्योंकि उनके पास आधार कार्ड आने के बाद भी उसका सत्यापन नहीं किया गया है। वहीं कुछ अभिभावक भी जिम्मेदार हैं। उन्होंने समय से स्कूलों में बच्चों का और अपना आधार कार्ड जमा नहीं किया।
यूनिफॉर्म की धनराशि पाने से छूटे बच्चों के आधार लिए जा रहे हैं। जिन अभिभावकों के आधार बैंक खाते से लिंक नहीं है, उनको भी बैंक खाते से आधार लिंक करने के लिए कहा गया है। दोनों प्रक्रियाएं पूरी होने पर बच्चों को लाभ मिलेगा।
– संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।