Rampur News: डेंगू व बुखार के मरीजों के लिए बढ़ाए गए 50 बेड
रामपुर। डेंगू और बुखार के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला अस्पताल में 50 बेड का वार्ड अलग से तैयार कराया गया है। यह वार्ड अस्पताल में तीसरी मंजिल पर बनाया गया है। जहां मरीज भर्ती किए जाएंगे।
जिले में डेंगू, मलेरिया के साथ ही वायरल बुखार का प्रकोप को फैला हुआ है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग तमाम दावे कर रहा है, लेकिन सच यह है कि बीमारी की रोकथाम नहीं हो पा रही है। जिले में अब तक रिकॉर्ड 630 से अधिक मामले डेंगू के सामने आ चुके हैं। बुखार के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। जिले में डेंगू-बुखार से अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में अभी यह संख्या शून्य है।
150 बेड के जिला अस्पताल में 65 बेड का डेंगू वार्ड बना हुआ है। 40 बेड बुखार के मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इन पर मरीजों की बढ़ती संख्या का दबाव है। जिस वजह से एक बेड पर दो-दो मरीज का उपचार करने के मामले सामने आए हैं। इसको देखते हुए जिला अस्पताल में अब 50 बेड का अलग से वार्ड बनाया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर एचके मित्रा ने बताया तीसरी मंजिल पर 50 बेड का वार्ड तैयार कर दिया गया है। डेंगू व बुखार वार्ड फुल होने के बाद ही मरीजों को इनमें भर्ती किया जाएगा। इधर, बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1292 पंजीकरण हुए इनमें से 400 के करीब बुखार पीड़ित थे। बुखार वार्ड में 13 और डेंगू वार्ड में दो नए मरीज भर्ती किए गए।


