Rampur News: छिटपुट घटनाओं के बीच रामपुर में 52.77 फीसदी मतदान
रामपुर। जिले में 11 निकायों में अध्यक्ष और सदस्य के पद के लिए मतदान बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से शुरू हुआ। मतदान शाम छह बजे संपन्न हुआ। शाम छह बजे तक कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगी हुई थी, जो मतदाता कतार में लगे थे उनके भी वोट डलवाए गए। जिले में मतदान के जो आंकड़े सामने आए हैं उसके मुताबिक टांडा में सबसे अधिक 77.08 फीसदी मतदान हुआ है, जबकि सबके कम वोट रामपुर में 38.91 फीसदी पड़े हैं।
निकाय चुनाव के अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी हुई थी। 13 से 20 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। 21 अप्रैल को नामांकन पत्रों को जांच की हुई। नामवापसी की आखिरी तिथि 24 अप्रैल थी। 24 को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिंह आवंटित कर दिए गए। जिले की 11 निकायों में अध्यक्ष पक्ष के 181 और सदस्य पद के लिए 1452 प्रत्याशी मैदान में उतरे।बृहस्पतिवार को 11 निकायों में अध्यक्ष और 228 सदस्य (तीन सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।) पद के लिए मतदान हुआ। सुबह से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई। कुछ केंद्रों पर मतदान की रफ्तार जरूर धीमी, लेकिन धीरे-धीरे सभी बूथों पर लंबी कतार लग गई। मतदान शाम छह बजे तक चला। इस दौरान कई बूथों पर कैप्चरिंग और फर्जी मतदान और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। हालांकि कोई बड़ी घटना नहीं हुई।
मतदान के जो आंकड़े जारी हुए हैं उसके मुताबिक जिले में 52.77 फीसदी मतदान हुआ है। सबसे अधिक 77.08 फीसदी मतदान टांडा में हुआ। सबसे कम मतदान रामपुर 38.91 फीसदी रहा। 2017 के निकाय चुनाव में भी टांडा के मतदाता 76.2 फीसदी मतदान हुआ था और जिले में सबसे कम रामपुर में 43.02 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार टांडा के मतादाताओं ने जहां अपना पिछला रिकॉर्ड सुधारा है वहीं रामपुर के मतदाताओं का रुझान मतदान के प्रति कम हुआ है।