Rampur News: पूर्व पीएम की जयंती पर सम्मानित होंगे 62 किसान
रामपुर। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती 23 दिसंबर को किसान दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस दौरान बेहतर उत्पादन करने वाले जिले के 62 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। गोष्ठी में किसानों को उन्नतशील खेती के गुर सिखाए जाएंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र धमोरा पर होगा।
उप कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में कृषि विभाग एवं अन्य सहयोगी विभागों के ऐसे किसान जो परंपरागत खेती में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और आधुनिक खेती के तौर तरीकों को अपना रहे हैं, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग व इससे संबद्ध उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, दुग्ध विभाग एवं गन्ना विभाग की देखरेख में बेहतर कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। प्रस्ताव को सीडीओ नंद किशोर कलाल ने स्वीकृत दे दी है।