Rampur News: बरेली से बरात में रामपुर आए युवक की हादसे में मौत, साथी घायल
रामपुर। बरेली से बरात में आए फरमान (18) और नजाकत (28) की बाइक देर रात वापस जाते समय रामपुर के बरेली गेट पर ट्रक से टकरा गई। हादसे में फरमान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नजाकत को जिला अस्पताल से बरेली के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बरेली के मोहल्ला एजाजनगर गौटिया निवासी खालिद पुत्र स्वर्गीय शकील की सोमवार को रामपुर के मोहल्ला तीतरवाली पाकड़ आई थी। मोहल्ले के फरमान पुत्र वली हसन और नजाकत पुत्र लियाकत बरात में शामिल होने के लिए बाइक से आए थे। रात करीब 12 बजे दोनों बाइक से वापस बरेली लौट रहे थे। इस दौरान बरेली गेट के पास तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। जिससे दोनों दूर जा गिरे और बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया।
हादसे की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो फरमान की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि नजाकत गंभीर रूप से घायल था। पुलिस ने दोंनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने फरमान को मृत घोषित कर दिया। जबकि नजाकत की गंभीर हालत देखते हुए उपचार कर बरेली के लिए भेज दिया। फरमान मोहल्ले में ही हेयर कटिंग की दुकान चलाता था, जबकि नजाकत मांझे से सूत काटने का काम करता है। अभी तक मामले में तहरीर नहीं दी गई है।