Rampur News: डेंगू से अधिवक्ता की मौत, 30 नए मरीज मिले
रामपुर। सैदनगर क्षेत्र के गांव खंडिया निवासी अधिवक्ता शोएब उर्फ मोनू (26) पुत्र जमीर अहमद की बृहस्पतिवार को डेंगू से मौत हो गई। परिजनाें के अनुसार शोएब को तीन दिन से बुखार आ रहा था। जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
परिजनाें ने बताया कि बुखार आने के बाद शोएब को पहले स्थानीय चिकित्सक के यहां दिखाया। तबीयत में सुधार न होने पर मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां बृहस्पतिवार को मौत हो गई। शोएब कचहरी में वकील थे। वहीं जिले में डेंगू के 30 और मरीज मिले हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में 11, चमरौआ में नौ, सैदनगर में चार, मिलक में चार, स्वार व टांडा में डेंगू का एक-एक रोगी मिला है।
जिले में अब तक 60 से अधिक लोग डेंगू से जान गंवा चुके हैं। वहीं अब तक डेंगू के 599 मामले आ चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि डेंगू के नए संक्रमितों में 10 रोगियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निगरानी में तीन घरों में मच्छरों का लार्वा मिला है, जिसको नष्ट कराया गया है।