Rampur News: कार की चपेट लगने के बाद दो पक्षों में बवाल, कई घायल व कार क्षतिग्रस्त
स्वार। नगर में कार की चपेट में आने से युवक घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए जिनके बीच जमकर लाठी-डंठे और धारदार हथियार चले जिसमें दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। इस दौरान कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। एक पक्ष की ओर से आधा दर्जन नामजद और आठ-दस अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज करादी गई है। हालांकि दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी लेकिन उसे दर्ज नहीं किया गया है।
रविवार की देर शाम नगर के मोहल्ला काशीपुर निवासी पूर्व सभासद प्रत्याशी मुईन खां अपने परिवार की महिलाओं को कार में बैठाकर नगर में ही मंगनी रस्म में जा रहा था। बताते हैं कि फित्तन ठेकेदार की पुलिया के रास्ते से जब वह कार लेकर आगे बढ़ा तो रोड के किनारे कुर्सियों पर कुछ लोग बैठे बतिया रहे थे। इस दौरान कार का पहिया सलीम अहमद अंसारी के बेटे सुबहान के पैर पर चढ़ गया जिससे वह चोटिल हो गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौच हो गई। बात इतनी बढ़ी कि धारदार हथियार निकल आए और पथराव शुरु हो गया जिसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान घटना से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और लोग घरों में घुस गए। बवाल की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर दोनों पक्ष भाग खड़े हुए। इस बीच एक पक्ष के घायलों सुबहान अंसारी, शाकिर और शानू को पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई और मेडिकल कराया। प्रथम पक्ष के सलीम अहमद अंसारी की ओर से पुलिस को तहरीर देदी गई जिसमें पूर्व सभासद प्रत्याशी मोईन खां, बाकर खां, युनूस, लियाकत खा, फैजान खां, असलम खां व आठ-दस अज्ञात शामिल किए गए हैं। आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट एवं जानलेवा हमला कर तीन लोगों को घायल किया है।
बाद में दूसरे पक्ष ने भी तहरीर पुलिस को तहरीर दे दी जिसमें प्रथम पक्ष द्वारा किए गए हमले में अपने तीन लोग घायल दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई गई लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नही की है। इस बीच कोतवाल शरद मलिक का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करली गई है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।