रामपुर

Rampur News: ढाई माह बाद तबादला होकर आए शिक्षकों को मिलेगी तैनाती

Connect News 24

रामपुर। जिले में अंतरजनपदीय तबादला होकर आए 181 शिक्षकों को ढाई माह बाद 15 सितंबर को स्कूलों में तैनाती मिलेगी। जिले में 50 से अधिक स्कूल एक ही शिक्षक के सहारे संचालित हो रहे हैं। ऐसे में तबादला होकर आए शिक्षकों को इन स्कूलों को अस्थायी रूप से तैनात करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इस आदेश पर अमल नहीं हो सका। अब शासन ने शिक्षकों के स्कूल आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।

बेसिक शिक्षा विभाग में एक से दूसरे जिले में शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया जून में पूरी हुई थी। जिले में तबादला होकर आए 181 शिक्षकों ने ज्वाइनिंग ली, लेकिन इन्हें स्कूल आवंटित नहीं किया जा सका। इन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत स्कूल आवंटन होना है। इसके लिए शासन ने अगस्त में तारीख नियत की थी, जिसे बाद में रद कर दिया गया। जिले में 1596 बेसिक स्कूलों में दो हजार से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। इनमें से 50 से अधिक विद्यालय ऐसे हैं जिनमें एक ही शिक्षक अथवा शिक्षामित्र की ही तैनाती है।

वहीं दूसरी ओर तबादला होकर आए शिक्षक बीएसए दफ्तर में हाजिरी लगाकर लौटते रहे। इसमें बीएसए दफ्तर में बैठे बाबुओं ने सांठगांठ करके शिक्षकों से मोटी रकम वसूल कर उन्हें दफ्तर न आने की भी छूट दे दी। अब बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर कहा है कि शिक्षकों को स्कूल आवंटन एनआईसी के सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा। 15 सितंबर को मुरादाबाद मंडल के जिलों में तबादला होकर आए शिक्षकों को स्कूल आवंटित किए जाएंगे।

अंतजनपदीय तबादले पर आए शिक्षकों के स्कूल आवंटन के संबंध में शासन से दिशा निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। स्कूल आवंटन ऑनलाइन होगा और इसमें पूरी पारदर्शिता रहेगी।

– संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपुर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button