Rampur News: प्रदेश के 15 उत्कृष्ट डायट प्रवक्ताओं को मिलेगा डॉ. राधाकृष्णन पुरस्कार
रामपुर। अब तक अच्छा कार्य करने पर शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाता था। इसी कड़ी में अब सरकार ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कार्यरत प्रवक्ताओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के नाम पर यह पुरस्कार शुरू किए जा रहे हैं। प्रत्येक जिले से एक-एक डायट प्रवक्ता नाम राज्य स्तर पर भेजा जाएगा। इनमें से 15 डायट प्रवक्ताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक डॉ. पवन कुमार ने सभी डायट प्राचार्यों को पत्र भेजकर कहा है कि सरकार ने डायट के प्रवक्ताओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। प्रवक्ताओं के चयन के लिए 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। एससीईआरटी व एनसीईआरटी के लिए पुस्तक तैयार करने के 20 अंक, राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर प्रशिक्षण, संदर्भदाता, ऑनलाइन कोर्स व स्टेट कोआर्डिनेटर के आठ अंक, पिछले पांच वर्षों में उनके प्रकाशन, प्रशिक्षण में प्रतिभाग और छात्र नामांकन व उपस्थिति बढ़ाने के प्रयास के छह-छह अंक हैं। ई-कंटेंट व वीडियो तैयार करने के 10 अंक व दीक्षा एप पर प्रशिक्षण के चार अंक होंगे। वस्तुनिष्ठ मानक के कुल 60 अंक होंगे और प्रदर्शन आधारित मानकों के 40 अंक होंगे।
जिला स्तर पर डायट प्राचार्य की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी बनेगी। सभी जिलों से एक-एक उत्कृष्ट प्रवक्ताओं के नाम राज्य स्तर पर भेजे जाएंगे। कुल 75 प्रवक्ताओं में राज्य स्तर पर 15 प्रवक्ताओं को चयनित किया जाएगा। राज्य स्तर पर एससीईआरटी के निदेशक की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जो इनका चयन करेगी। इसके लिए सभी जिले 30 सितंबर तक एक-एक प्रवक्ता का नाम भेजेंगे। अक्टूबर में राज्य स्तर पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिसके बाद में इन्हें सम्मानित करने की तारीख तय होगी।
विभिन्न बिंदुओं पर शासन की ओर से डायट प्रवक्ताओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। जिला स्तरीय कमेटी 30 सितंबर तक एक डायट प्रवक्ता का चयन करते हुए उनका नाम राज्य स्तर पर भेजेगी।
नीलम रानी टमटा, डायट प्राचार्या, रामपुर।



