Rampur News: आजम खां आवाज का नमूना देने के लिए स्वस्थ, एम्स के निदेशक ने कोर्ट को दी रिपोर्ट
रामपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली के निदेशक ने कोर्ट को अवगत कराया है कि सपा नेता आजम खां पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उनकी आवाज का नमूना लिया जा सकता है।
सपा नेता आजम खां के खिलाफ 2007 में टांडा थाने में एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मुकदमे की सुनवाई एमपी-एमपी कोर्ट सेशन ट्रायल में चल रही है। पिछले दिनों कोर्ट ने आजम खां के आवाज के नमूने लिए जाने के आदेश दिए थे। 17 अप्रैल को विधि विज्ञान प्रयोगशाला, लखनऊ की दो सदस्यीय टीम कोर्ट पहुंची थी। आजम खां के अधिवक्ता ने कोर्ट को प्रार्थनापत्र देकर अवगत कराया कि आजम खां बीमार हैं और दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए एम्स, दिल्ली के निदेशक को पत्र लिखकर आदेश दिया कि आजम खां के स्वास्थ्य का परीक्षण कर अवगत कराए कि उनको कौन सी बीमारी है और उसको ठीक होने में कितना वक्त लगेगा। कोर्ट के आदेश के बाद एम्स के निदेशक ने अपनी रिपोर्ट दाखिल कर दी है। जिसमें उन्होंने कहा है कि आजम खां पूरी तरह से स्वस्थ हैं, उनकी आवाज का नमूना लिया जा सकता है।

