Rampur News: आजम खां ने बिलासपुर में कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
रामपुर। पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां ने रविवार को देर रात कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर चर्चा की। पूर्व मंत्री रविवार की शाम कोतवाली के उत्तराखंड सीमा से सटे ग्राम बारादरी स्थित सनी सिंह के आम के बाद में पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहम्मद हसन खां द्वारा आयोजित मैंगो पार्टी में पहुंचे। उन्होंने पार्टी में शिरकत करने के दौरान समाजवादी पार्टी के तमाम प्रमुख नेताओं से बातचीत की। उन्होंने सभी से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर भी चर्चा की। इसके बाद वह रात नौ बजे ग्राम इंदरपुर निवासी लखीमपुर घटना के चश्मदीद गवाह सरदार गुरजीत सिंह कोटिया के फार्म हाउस पर पहुंचे।
उन्होंने चश्मदीद गवाह से काफी देर बातचीत की और उनके परिजनों से भी मुलाकात की। बाद में वह काफिले के रूप में नगर के मोहल्ला महेश गार्डन कॉलोनी निवासी सपा नेता हरदीप सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां भी उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर गुफ्तगू की। करीब एक घंटे रुकने के पश्चात वह रात में जिला मुख्यालय को वापस लौट गए। इस मौके पर अब्दुल्ला आजम, सपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, पूर्व पालिका अध्यक्ष मोहम्मद हसन खा, अमरीश कुमार पटेल, फातमा जवी, अनुराधा चौहान, आसिम राजा, ओमेंद्र सिंह चौहान, आरिफ खां, लखविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।