Rampur News: बहल्ला नदी फिर उफनाई, पुलिया बही, गांवों की आवाजाही बंद
रामपुर। बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को एक बार फिर बहल्ला नदी उफना गई और टांडा क्षेत्र के गांव कसियाकुंडा गांव की पुलिया तेज धार में बह गई। सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि एक दर्जन गांवों की आवाजाही बंद हो गई है। अब इन गांव के लोग मुरादाबाद क्षेत्र से भगतपुर चौराहे से होते हुए टांडा का रास्ता तय करेंगे। इसके साथ ही दढि़याल में भी एक पुलिया धंस गई है, जिससे सड़क में डेढ़ सौ फीट का गड्ढा हो गया है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। टांडा में क्षेत्र के ग्राम कसियाकुंडा में बहल्ला नदी के ऊपर बनाई गई पुलिया का अगला हिस्सा ज्यादा बारिश के कारण बड़े जलस्तर के बह गया। जिस कारण से करखेड़ा, करखेड़ी, उजमावाला समेत कई गांवों का आवागमन बंद कर दिया गया है। इसकी जगह पर अब गांव के लोग मुरादाबाद क्षेत्र के भगतपुर चौराहे से होकर फिर टांडा तक अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। सूचना मिलने पर तुरंत एसडीएम टांडा अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस के द्वारा पुलिया पर अस्थाई तौर पर आवागमन बंद कर दिया। यहां पर सुरक्षा की दृष्टि से दो पुलिस कर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ वार्ता कर जल्द से जल्द संबंधित पुलिया को दुरुस्त कराने के लिए भी कहा गया है।
इधर, दढि़याल क्षेत्र में मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर एक साइड से दूसरी तरफ को पानी की निकासी के लिए पुलिया बनाई गई है। बृहस्पतिवार को बारिश के बीच वाहनों की आवाजाही के बीच अचानक पुलिया क्षतिग्रस्त हो गयी और सड़क में करीब डेढ़ से दो फिट व्यास का गड्ढा हो गया। सड़क के बीच में गड्ढा होने से मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पढ़ रहा है वहीं बड़ी दुघर्टना की आशंका बनी हुई है।
लाइटों की चकाचौंध से रात को खतरा
दढि़याल। बताया जा रहा है कि सड़क के बीचोंबीच पुलिया धंसने से रात में विशेषतौर पर लाइटों की चकाचौंध होने से खतरा बना हुआ है। सूचना पर विभागीय कर्मी मौके पर पहुंच गए और क्षतिग्रस्त स्थान के दोनों ओर झंडी लगाकर ईंटें और पेड़ों की टहनियों से कवर कर दिया गया है। संवाद
बिलासपुर में किया गया अलर्ट
बिलासपुर। पीलाखार नदी का जल स्तर अभी सामान्य है, लेकिन रात तक नदी उफनाने के खतरे को देखते हुए बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। यहां पर पदमपुरी, संतरा, रामनगर, लालपुर और कादरीगंज समेत कई इलाकों में एसडीएम अमल देयोल ने सचेत कर दिया है। संवाद
रामपुर की कोसी का जल स्तर कुछ बढ़ा
रामपुर। रामपुर की कोसी का जल स्तर पहले 2500 क्यूसेक था जो अभी 5000 तक है, लेकिन अभी खतरे के निशान से कम है। ऐसे में अधिकारियों ने भी यहां पर मजबूती से बंधे लगवाए हैं और पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही है। संवाद