Rampur News: धोखाधड़ी में बैंक तत्कालीन बैंक प्रबंधक समेत कई पर रिपोर्ट दर्ज
रामपुर। एक किसान ने नगर की प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी गुरबाज सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनकी ग्राम गुलड़िया टयूला में जमीन थी। जिस पर उन्होंने वर्ष 2009 में 650000 रुपये का कर्ज नगर की प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक से लिया था। इसके बाद उन्होंने उक्त भूमि निशान सिंह व मनवीर सिंह पुत्र सुच्चा सिंह को बेच दी थी। किसान का कहना है कि 8 फरवरी 2012 को वह अपने पिता को लेकर बैंक पहुंचा और शाखा प्रबंधक इंतजार हुसैन से अपना ऋण खाता बंद करने का आग्रह किया।
शाखा प्रबंधक ने तुरंत ही फील्ड ऑफिसर नीलंजा शुक्ला को भी अपने पास बुला लिया। दोनों ने हिसाब लगाकर बताया कि उनके उपर 801126 रुपये की बकाया। वह उक्त धनराशि जमा कर दें ताकि उनका खाता बंद कर दिया जाए। आरोप है कि उन्होंने उक्त धनराशि शाखा प्रबंधक को दे दी। जब रसीद मांगी तो बताया कि कंप्यूटर काम नहीं कर रहा है। बाद में आकर रसीद ले जाना। किसान का आरोप है कि वह कई रसीद लेने गया, मगर शाखा प्रबंधक व फील्ड ऑफिसर आदि ने उन्हें रसीद नहीं दी और टालमटोल करते रहे।
आरोप है कि नौ वर्ष बाद 2020 में निशान सिंह ने उन्हें बताया कि बैंक के वकील का नोटिस आया है, जिसमें उनकी तरफ 1333258 रुपए की बकाया प्रस्तुत की गई है। वह तुरंत बैंक गया और शाखा प्रबंधक को पूरी बात बताई तो उन्होंने कहा कि इंतजार हुसैन और नीलंजा शुक्ला का ट्रांसफर हो गया है। उनसे जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके बाद वह बैंक में लगातार संपर्क करता रहा, मगर कोई संतोषजनक उन्हें जवाब नहीं मिला। किसान का कहना है कि वह वर्ष 2012 में जमीन बेचकर गांव भी छोड़ चुका है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक इंतजार हुसैन, तत्कालीन फील्ड ऑफिसर नीलंजा शुक्ला और वर्ष 2012 के बाद के स्थानांतरण के उपरांत आए संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों पर भी रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।