Rampur News: सरकारी भूमि पर हुुए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाएगी भाकियू
रामपुर। भाकियू टिकैत की पंचायत में नहर और उसकी भूमि से अवैध कब्जों का मुद्दा उठाया। फैसला लिया कि जल्द ही जिलेभर में अवैध कब्जा हटवाओ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं से तैयारी करने की अपील की। प्रदेश कैंप कार्यालय पर हुई पंचायत में जिला प्रवक्ता मंजीत सिंह ने कहा कि नहर विभाग की कई सौ एकड़ भूमि है, लेकिन उस पर कई लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। विभाग ने करीब नौ महीने पहले भूमि आवंटित की थी, जिसमें मानकों की अनदेखी की गई थी और अधिकर जमीन वालों को ही भूमि आवंटित कर दी गई। शासन में जब शिकायतें पहुंची तो आवंटन रद्द कर दिया गया। उसके बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा। प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने कहा कि सबसे ज्यादा अवैध कब्जे बिलासपुर क्षेत्र में है। अधिकतर नहरें पाटकर मकान और दुकाने बना लीं।
कृषि भूमि पर भी अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है। नहरें और नाले बंद होने से फसलों की सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। जिला प्रवक्ता ने कहा कि जल्द ही अवैध कब्जे हटवाओ अभियान चलाया जाएगा। किसान नहर विभाग के दफ्तर पर धरना देंगे। पंचायत में जागीर सिंह, सुखविंदर सिंह, लखविंदर सिंह, जरनैल सिंह, चौधरी राजपाल सिंह, हाफिज अय्यूब, मोहम्मद मुस्तकीम, जुबैद आलम, रामकुमार, जुगनू, साबिर, छिद्दा नेता मौजूद रहे।