Rampur News: 108 मंगल दलों को जल्द मिलेगी खेल सामग्री
रामपुर। युवा कल्याण विभाग की ओर से 108 युवक व महिला मंगल दलों को जल्द ही खेल सामग्री वितरित की जाएगी। विभाग को सामग्री की किटें मिल चुकी हैं। सामग्री मिलने से जहां दल सशक्त होंगे, वहीं उनके गांव के युवाओं को भी बेहतर ढंग से अभ्यास का अवसर मिलेगा।
जिले में सभी 680 ग्राम पंचायतों में मंगल दलों का गठन हो चुका है। इनमें युवक व महिला मंगल दलों को खेल सामग्री प्रदान की जानी है। उपलब्धता के आधार पर करीब 200 मंगल दलों को सामग्री का अब तक वितरण किया जा चुका है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में चयनित मंगल दलों को भी सामग्री वितरित की जानी है। अब तक सामग्री न मिलने की वजह से उसका वितरण नहीं हो पाया, वहीं खिलाड़ियों को अभ्यास में भी समस्या उठानी पड़ रही थी लेकिन अब विभाग को खेल सामग्री की किटें प्राप्त हो चुकी हैं। जिला युवा कल्याण अधिकारी जय सिंह ने बताया कि युवक व महिला मंगल दलों को खेल सामग्री की 54-54 किटें मिल चुकी हैं। जल्द इनका वितरण किया जाएगा। इसके बाद जैसे- जैसे सामग्री मिलती जाएगी, मंगलाें दलों को बांटी जाएगी। किट में वॉलीबाल, फुटबाल, नेट, ट्यूब आदि खेल सामग्री होगी।