रामपुर

Rampur News: आज रात आठ बजे से सभी वाहनों के लिए खुल जाएगा हाईवे

Connect News 24

रामपुर। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए लागू किया गया रूट का डायवर्जन सोमवार रात आठ बजे तक लागू रहेगा। इसके बाद सभी प्रकार के वाहनों को हाईवे पर प्रवेश दे दिया जाएगा। हाईवे की दोनों लेन पर वाहन चलेंगे। सावन के तीसरे सोमवार के लिए शुक्रवार रात आठ बजे से रूट का डायवर्जन फिर से लागू किया जाएगा। वहीं सोमवार को हाईवे किनारे के स्कूल बंद रहेंगे। इनमें मंगलवार को कक्षाएं लगेंगी। डीएम ने पूरे सावन शनिवार से सोमवार तक हाईवे किनारे के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है।

जिले में सावन के पहले सोमवार से पहले सात जुलाई से रूट का डायवर्जन लागू है। इसलिए मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहन ट्रक, लोडर, डीसीएम और रोडवेज बसों को हाईवे से न गुजारकर शाहबाद की ओर से निकाला जा रहा है। सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में जलाभिषेक करने कांवड़िये पहुंचेंगे। ऐेसे में रविवार को हाईवे पर दिन भर कांवड़ियों का रेला चलता रहा।

इसके चलते हाईवे पर एक लेन में कांवड़िये और दूसरी लेन में छोटे वाहन कार, बाइक, ऑटो आदि गुजारे गए। सोमवार को जलाभिषेक होने के बाद रात आठ बजे से सभी प्रकार के वाहनों के लिए हाईवे खोल दिया जाएगा। सावन का तीसरा सोमवार 24 जुलाई को है। इससे पहले 21 जुलाई को रात आठ बजे से रूट डायवर्जन फिर लागू हो जाएगा। हाईवे पर बड़े वाहनों का आवागमन फिर से बंद होगा। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि सोमवार रात आठ बजे के बाद हाईवे पर यातायात खोल दिया जाएगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button