Rampur News: दढ़ियाल नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 18 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
रामपुर। नगर पंचायत दढ़ियाल के एक मोहल्ला निवासी महिला ने नगर पंचायत अध्यक्ष खुर्शीद आलम समेत 18 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, कपड़े फाड़ने, जान से मारने की नीयत से फायर झोंकने समेत कई आरोप लगाते हुए एसपी को तहरीर दी। एसपी के आदेश पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।पीड़िता ने अपने प्रार्थनापत्र में कहा कि गाटा संख्या 794 तथा 799 केथवाली मस्जिद के नाम पर जगह है, लेकिन चेयरमैन खुर्शीद ने उस जमीन को धोखाधड़ी से बेच दिया। पीड़िता के पति उसका विरोध कर रहे हैं। इसके चलते चेयरमैन और उनका परिवार रंजिश मानता है। 15 जुलाई को करीब ढाई बजे चेयरमैन खुर्शीद अपने साथियों के साथ उनके घर आए और उसके बेटों को गालियां देने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। जब उसके बेटे घर में आ गए तो आरोपी भी घुस आए। पीड़िता ने बीच बचाव किया तो उसके कपड़े फाड़ दिए।
शोर मचाने पर आरोपियों ने फायरिंग की। जिसमें वह बाल-बाल बच गई। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने चेयरमैन खुर्शीद आलम, ओसामा, अनस, शाहरुख, उबैद, आमिर, अली, मंसूर, महबूब, फारुख, अजमत, मजहर, महबूब तथा छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।