Rampur News: बिजली कटौती के विरोध में भाकियू का प्रदर्शन
रामपुर। बिलासपुर में भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बिजली कटौती समेत अन्य समस्याओं को लेकर बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने एक्सईएन को छह सूत्रीय ज्ञापन देकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है। एक्सईएन ने जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। बुधवार को जिलाध्यक्ष मोहम्मद सलीम वारसी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर के बिजलीघर पर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों का हर स्तर पर खुलेआम शोषण किया जा रहा है। बिना सुविधा शुल्क दिए किसानों का कोई भी काम नहीं किया जा रहा है। कहा कि ग्राम पिपलिया में छह दिन से फुंका ट्रांसफार्मर अभी तक नहीं बदला गया है। जबकि शासन का आदेश है कि 24 घंटे के अंदर फुंके ट्रांसफॉर्मर को बदलवाया जाए। लेकिन अधिकारी व कर्मचारियों की मनमानी के कारण गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। इसके अलावा उन्होंने धावनी हसनपुर नहर पर बिजली की लाइन लगवाने, खंभों पर तार खिंचवाने आदि की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने बिजली के खंभों पर बांधी गई वाईफाई की केबल को हटाने की भी मांग की। अधिशासी अभियंता करीमुद्दीन सिद्दीकी को छह सूत्रीय ज्ञापने देकर कहा कि अशोकनगर उपखंड अधिकारी का व्यवहार किसानों के प्रति सही नहीं है। वह लगातार किसानों को परेशान कर रहे हैं। एक्सईएन ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह शीघ्र ही बिजली की व्यवस्था को और बेहतर कराएंगे।
प्रदर्शन करने वालों में युवा जिलाध्यक्ष मोहम्मद आसिम रजा, नगर अध्यक्ष वाहिद खान, मोहम्मद अहकाम मिर्जा, सईद अहमद, सलमान मिर्जा, अकरम अली, जरियाब खान, मोहम्मद निजाम, रघुवर, बाबूराम, मोहम्मद शादाब, रोहित, दानिश, भूरा, खलील, रामप्रसाद आदि शामिल रहे।