Rampur News: दिल्ली कूच को तैयार भारतीय किसान यूनियन
रामपुर। दिल्ली में पहलवानों के साथ धरने पर बैठे किसानों को गिरफ्तार करने पर भारतीय किसान यूनियन में रोष है। इसके चलते जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल ने एक आपात बैठक बुलाई। कहा कि पहलवानों के साथ ज्यादती की गई है। कोर्ट के आदेश के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बावजूद इसके पहलवान शांतिपूर्वक जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान संगठन और आम जनता ने भी कार्रवाई न होने पर पहलवानों का साथ देना शुरू कर दिया है। अब दिल्ली पुलिस पहलवानों का उत्पीड़न करने पर उतर गई है और किसानों को गिरफ्तार कर लिया है। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसानों को बिना शर्त रिहा नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन धरना प्रदर्शन को तैयार है। जनपद के कार्यकर्ता आदेश मिलने पर दिल्ली कूच को तैयार बैठे हैं। बैठक में महासचिव होरीलाल, वीरेंद्र सिंह यादव, दलजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, रनजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।