रामपुर

Rampur News: बिलासपुर और केमरी में फर्जी मतदान पर होती रहीं झड़पें

Connect News 24

बिलासपुर। नगर पालिका परिषद और केमरी नगर पंचायत के मतदान केंद्रों पर पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न हुआ। पूरे दिन मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदान करने, वोट काटे जाने आदि को लेकर झड़पें होती रहीं। पालिका सभासद पद की एक प्रत्याशी के पति ने कुछ लोगों पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया। बूथ कैप्चरिंग की अफवाह भी पुलिस प्रशासन को परेशान करती रहीं। बाद में मतपेटियों को स्ट्रांग रूम पहुंचाया गया। मतदाताओं ने मतदान की गति धीमी होने पर नाराजगी जताई।

बृहस्पतिवार की सुबह नगर के 18 मतदान केंद्रों के 42 बूथों तथा केमरी के 14 मतदान केंद्रों के 26 बूथों पर अध्यक्ष व सभासद पद के लिए मतदान सुबह 7:00 बजे पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। बिलासपुर में अध्यक्ष पद के 14 व सदस्य पद के 119 उम्मीदवारों के लिए 36821 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करना शुरु किया। वहीं, केमरी के 22508 मतदाताओं ने अध्यक्ष पद के छह और सदस्य पद के 54 उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करना शुरु किया। अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदान की गति सुबह से ही काफी धीमी दिखाई दी। नगर व केमरी के मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गईं। दोपहर करीब 12:00 बजे अधिकांश मतदाताओं ने अधिकारियों से शिकायत की कि वह लोग सुबह 7:00 बजे से मतदान केंद्रों पर मतदान करने के लिए खड़े हुए हैं, मगर मतदान कर्मी इतनी धीमी गति से मतदान का कार्य करा रहे हैं कि लाइनें आगे नहीं बढ़ पा रही है। बाद में एसडीएम मयंक गोस्वामी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, तहसीलदार विजय प्रकाश मिश्रा, कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने सभी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह मतदान की गति को तेज करें, ताकि बीमार लोगों को परेशानी न हो सके। श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज मतदान केंद्र के बाहर सभासद पद की एक प्रत्याशी के पति राजेंद्र कुमार गंगवार ने अधिकारियों से शिकायत की कि उन्हें कुछ लोगों ने फर्जी मतदान करने से रोकने पर मारापीटा है। बाद में अधिकारियों ने विवाद को शांत किया। कस्बा राजपुर, मोहल्ला शीरीमिया, श्री गुरु नानक कन्या इंटर कॉलेज, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय, गन्ना समिति कार्यालय आदि मतदान केंद्रों तथा केमरी के भी कुछ मतदान केंद्रों पर कुछ लोगों द्वारा फर्जी मतदान कराए जाने के आरोप लगाए गए। मौजूद कुछ लोगों ने कुछ लोगों पर फर्जी मतदान करने व कराने के भी आरोप लगाए। मगर प्रशासन ने उनके आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया। दोपहर के बाद जिला अधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड, चुनाव प्रेक्षक अनिल कुमार तृतीय, जोनल सुपरवाइजर सत्यम मिश्रा आदि ने भी पिंक बूथ समेत नगर व केमरी के मतदान केंद्रों का भ्रमण कर निरीक्षण किया तथा मतदाताओं से भी बातचीत की। उन्होंने तहसील स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। एसडीएम ने बताया कि नगर व केमरी में मतदान शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुआ है। मत पेटिकाओं को नवीन मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है।

पूरे दिन अफवाहों को लेकर दौड़ते रहे अधिकारी

बिलासपुर। मतदान के दौरान नगर व केमरी के मतदान केंद्रों पर पूरे दिन फर्जी मतदान को लेकर अफवाहें चलती रहीं। नगर के श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज में दो प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़पों के साथ ही मारपीट होने का आरोप है। श्री गुरु नानक कन्या इंटर कॉलेज में एक प्रत्याशी द्वारा बूथ कैपचरिंग करने का आरोप लगाया गया। तब एसडीएम मयंक गोस्वामी व सीओ अरुण कुमार सिंह, पुलिस बल के साथ दौड़कर मौके पर पहुंचे। मगर बाद में आरोप गलत पाए गए। इसी तरह मोहल्ला शीरीमिया में भी फर्जी मतदान करने की शिकायत की गई, जो अधिकारियों ने जांच में गलत पाए जाने की बात कही। इसी तरह शाम तक अधिकारी फर्जी मतदान व बूथ कैप्चर होने की शिकायतों पर दौड़ते रहे।

बुजुर्गों ने भी मतदान में जमकर की भागीदारी

बिलासपुर। नगर पालिका परिषद व केमरी नगर पंचायत अध्यक्ष व सभासद पद के लिए हुए मतदान में बुजुर्गों ने भी परिजनों के सहारे मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान किया। अधिकांश बुजुर्ग अपने परिजनों के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। वहीं, कुछ दिव्यांग व शरीर से अक्षम लोग भी अपने परिजनों व उपकरणों के सहारे मतदान केंद्रों पर पहुंचे और मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभाई।

पहली दफा विकास के नाम पर किया मतदान

बिलासपुर। नगर के मोहल्ला शीरीमिया, कायस्थान, टांडा हुरमत नगर, श्री गुरु नानक कन्या इंटर कालेज, श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज आदि मतदान केंद्रों पर मिले युवक युवतियों ने विकास के नाम र मतदान करने की बात कही।

मोहल्ला टांडा हुरमत नगर की सीमा, मोहल्ला भट्टी टोला की सानिया, मंतशा, सीमा, निशा, गुड़िया, गुलनिशा आदि ने बताया कि उन्होंने चेयरमैन और सभासद पद के लिए नगर के विकास व शिक्षा का स्तर ऊंचा करने की उम्मीद लगाकर मतदान किया है। उनका कहना था कि पालिका अध्यक्ष व सभासद ऐसे होने चाहिए जो युवा वर्ग का ख्याल रखें और उनकी तरक्की में अपना योगदान दें।

बिना मास्क व थर्मल स्कैनिंग के ही मतदाताओं को कराती रही सैनिटाइजेशन

बिलासपुर। नगर व केमरी के सभी 68 मतदान केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य कर्मी तैनात की गई थीं, जो मतदान करने आ रहे मतदाताओं को सैनिटाइजर से हाथ सैनिटाइजेशन करा रही थीं। आरोप है कि स्वास्थ्य कर्मी अपनी सुरक्षा के प्रति कतई गंभीर नहीं दिखीं। कोई भी मास्क नहीं लगाई हुई थीं। वहीं थर्मल स्कैनिंग भी किसी भी केंद्र पर होती नहीं दिखाई दी। लोगों में चर्चा थी कि स्वास्थ्य विभाग ने भी महज औपचारिकता के तौर पर मात्र सैनिटाइजेशन कराया है।

दोपहर के बाद सूने दिखाई दिए अधिकांश मतदान केंद्र

बिलासपुर। नगर के बाल विकास परियोजना कार्यालय, आयुर्वेदिक चिकित्सालय, श्री गुरु नानक कन्या इंटर कॉलेज, श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज, मोहल्ला शीरीमिया के कुछ बूथों, कस्बा राजपुर, मोहल्ला कायस्थान आदि मतदान केंद्र दोपहर करीब 2:00 बजे के लगभग सुने दिखाई दिए। इन मतदान केंद्रों पर कुछ ही मतदाता देखे गए। दोपहर 3:00 बजे के बाद इन मतदान केंद्रों पर अचानक मतदाताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button