Rampur News: 24 घंटे के बाद भी नही बना जाति प्रमाण पत्र
शाहबाद। सरकारी सिस्टम इतना सुस्त हो गया है कि डीएम की आदेशों को भी अधीनस्थों ने हवा में उड़ा दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में लेखपाल द्वारा जाति प्रमाणपत्र बनाने में लापरवाही बरतने पर निलबंन की चेतावनी दी गई थी। बावजूद उसके 24 घंटे बीत जाने के बाद भी जाति प्रमाणपत्र नही बना है।
शनिवार को शाहबाद तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ और एसपी अशोक कुमार शुक्ल पहुंचे थे। उस दौरान तहसील क्षेत्र के नवीगंज जदीद गांव निवासी सुमित कुमार पासी ने हल्का लेखपाल पर जाति प्रमाणपत्र बनाने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। डीएम रामपुर ने नौकरी में इंटरव्यू के अंतिम तिथि और लेखपाल की ओर से बार-बार जाति प्रमाणपत्र का आवेदन निरस्त करने की बात सुनकर तुरंत हल्का लेखपाल रमेश चंद्र गुप्ता को तलब कर लिया था। इसके बाद डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने सभागार के अंदर कानूनगो और लेखपाल को बुलाकर सभी की फटकार लगाई थी। तत्काल दो घंटे के भीतर जाति प्रमाणपत्र बनाने के निर्देश जारी कर दिए थे। युवक को समय पर जाति प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर लेखपाल को निलंबन करने की चेतावनी डीएम ने दी थी। उस दौरान दिखावटी तरीका अपनाते हुए संबंधित लेखपाल और कानूनगो युवक को लेकर एक कमरे में बैठ गए थे और जाति प्रमाणपत्र बनाने की तैयारी शुरू कर दी। युवक सुमित कुमार पासी द्वारा बताया गया कि लेखपाल की ओर से जाति प्रमाणपत्र बनाने की कार्यवाही पूरी कर दी गई थी। लेकिन तहसीलदार की ओर से शेष कार्रवाई रह गई थी। इस प्रकरण में युवक ने शाहबाद एसडीम सुनील कुमार को स्थिति से अवगत कराया था। इसके बाद शाहबाद एसडीएम सुनील कुमार ने तहसीलदार शाहबाद से वार्ता की और डीएम द्वारा जारी किए गए निर्देशों के बारे में अवगत कराया। लेकिन शाहबाद तहसीलदार अवकाश पर है। उनका स्वास्थ्य खराब है। इसके चलते युवक का 24 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद भी जाति प्रमाणपत्र नहीं बन पाया है। युवक का कहना है कि तहसीलदार द्वारा 22 जून को अवकाश से वापस आने के बाद जाति प्रमाणपत्र जारी करने को कहा है। युवक द्वारा बताया गया कि रविवार को लेखपाल और तहसीलदार ने फोन तक नही उठाने का आरोप लगाया।