Rampur News: पढ़ाई के साथ बच्चे लेंगे मौसमी सब्जियों का स्वाद
रामपुर। बेसिक स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ मौसमी सब्जियां खाने को मिलेंगी। इसके लिए जिले के 350 स्कूलों में किचन गार्डन तैयार किए जाएंगे। इसके लिए शासन की ओर से पांच हजार रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से 17.50 लाख रुपये का बजट जारी किया जा चुका है। तेज गति के साथ किचन गार्डन करने के निर्देश डीएम ने बीएसए को दिए हैं।
बेसिक स्कूलों को कायाकल्प के जरिये आकर्षक बनाने के बाद परिसर में पड़ी खाली भूमि पर किचन गार्डन तैयार किया जाएगा। कवायद सफल हो, इसके लिए पहले चरण में 350 स्कूलों का चयन किया गया। चयनित स्कूलों के खाते में पांच हजार रुपये भेजते हुए किचन गार्डन की स्थापना व रख-रखाव पर खर्च करने का निर्देश दिए गए। किचिन गार्डन में मौसमी सब्जियां उगानी होगी।
किचन गार्डन से विद्यार्थियों में क्यारी बनाकर हरी सब्जियां फल व फूल उगाने के प्रति उत्साह बढ़ेगा तो एमडीएम योजना में तैयार होने वाले भोजन में ताजी व पोषक सब्जी बनने से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार होगा। इतना ही नहीं स्कूल में किचन गार्डन तैयार होने से बच्चों को मौसमी सब्जियों की उपयोगिता व उसमेें पाए जाने वाले पोषण तत्वों की जानकारी भी होगी।
योजना के सही तरीके से क्रियान्वयन के लिए डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने बीएसए संजीव कुमार को निर्देश देते हुए कहा है कि चिन्ह्ति विद्यालयों में जल्द से जल्द किचन गार्डन तैयार किए जाएं। डीएम से निर्देश मिलने के बाद अब बीएसए ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। समय से किचन गार्डन तैयार कर उनके रखरखाव के निर्देश दिए हैं।
उगाई जाएंगी ये सब्जियां
किचन गार्डन में मौसमी सीजन में भिंडी, पालक, लोबिया, लौकी, करेला, खीरा, कद्दू, तरबूज, खरबूजा, बैंगन, चुकंदर, शलजम, गाजर व मूली तो खरीफ सीजन में चौलाई, भिंडी, बैगन, करेला, लोबिया, तुरई, कद्दू, लौकी, प्याज व सेम की खेती की जाएगी। इसी तरह रबी सीजन में टमाटर, मटर, मिर्च, फूलगोबी, पत्तागोभी, पालक, मेथी, सोया, धनिया, शिमला मिर्च, बैंगन, प्याज, लहसुन, गाजर व मूली का उत्पादन किया जाएगा।
चिन्ह्ति स्कूलों में किचन गार्डन के लिए पांच-पांच हजार रुपये का बजट भेजा जा चुका है। सभी बीईओ को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द किचन गार्डन का काम पूरा कराएं। फोटो::
किस ब्लॉक में कितने बनेंगे किचन गार्डन
बिलासपुर 79
सैदनगर 54
मिलक 52
स्वार 89
चमरौआ 11
शाहबाद 38
नगर क्षेत्र 08
राजकीय माध्यमिक विद्यालय 19