Shahjahanpur News: तीन दिन में शुरू हो जाएगा कोलाघाट का दूसरा पैंटून पुल
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 05 Dec 2023 12:55 AM IST

कोलाघाट पर बना दूसरा पैंटून पुल। संवाद
जलालाबाद में बहगुल और रामगंगा नदी पर कोलाघाट में दूसरे पैंटून पुल से आवागमन तीन दिन में शुरू हो जाएगा। पुल की मजबूती के लिए लकड़ी के गर्डर के ऊपर लोहे के पटले डालने और रेलिंग बनाने का काम बचा है। इस पुल के शुरू होने से जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
दूसरे पुल में 23 पीपों का इस्तेमाल हुआ है। सभी पीपों को लगाकर उन पर लोहे और लकड़ी के गर्डर कसे जा चुके हैं। बताते हैं कि पुल में लगी ज्यादातर सामग्री पुरानी है। इस कारण मजबूती के लिए अभी लोहे की चादरें बिछाकर उस पर मिट्टी डाली जाएगी। इसमें तीन दिन का अतिरिक्त समय लग रहा है। बताते चलें कि बदायूं और फर्रुखाबाद का अधिकांश क्षेत्र यहां से जुड़ा है। इस कारण कोलाघाट होकर बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है।
पुलिसकर्मियों की तैनाती के लिए लिखा पत्र
आवागमन में राहत देने के लिए बनाए गए दोनों पैंटून पुल का सही लाभ राहगीरों को तभी मिलेगा जब बीते साल की तरह पुल के पास पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए ताकि ओवरलोड वाहन पुल से न गुजरने पाएं। पीडब्ल्यूडी के जेई ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि इसके लिए पुलिस विभाग को पत्र भेजा गया है।