Rampur News: सर्किल रेट में दस से 15 फीसदी की होगी वृद्धि, आपत्तियां मांगीं
रामपुर। जमीनों के सर्किल रेट में दस से 15 फीसदी की वृद्धि की जाएगी। प्रशासन ने सर्किल रेट को तय करने के लिए प्रस्तावित रेटों की सूची प्रदर्शित कर दी है। इस सूची पर चार सितंबर तक आपत्तियां मांगी है। आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद ही नई रेट लिस्ट को लागू किया जाएगा।रामपुर में जमीनों के सर्किल रेट फिर से तय किए जाने हैं। शासन के आदेश पर जमीनों के सर्किल रेट हर साल निर्धारित किए जाते हैं। इन सर्किल रेट को निर्धारित करने के लिए प्रशासन की ओर से पिछले एक माह से माथापच्ची की जा रही है। इसी क्रम में प्रशासन की ओर से अब सर्किल रेट की सूची प्रस्तावित करते हुए इसे तहसीलों में आपत्ति के लिए प्रदर्शित कर दी गई है।
जिले में जमीनों के सर्किल रेट में दस से 15 फीसदी तक की वृद्धि की जा रही है। प्रस्तावित रेट लिस्ट में कहीं तीन तो कहीं दस फीसदी की वृद्धि की जानी है। कई इलाके ऐसे भी हैं,जहां पर 15 फीसदी की वृद्धि प्रस्तावित की गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हेम सिंह ने इन प्रस्तावित रेट लिस्ट को तहसील कार्यालयों में भेज दिया है। इस रेट लिस्ट का प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। इन पर चार सितंबर तक आपत्तियां मांगी गई है। उनके अनुसार इस रेट लिस्ट पर चार सितंबर तक आपत्ति दर्ज की जाएंगी। इसके बाद इनका निस्तारण करते हुए अंतिम सूची जारी की जाएगी।
इन इलाकों में होगी सर्किल रेट में वृद्धि
जौहर रोड, शौकत अली रोड, सीआरपीएफ चुंगी, टिकटगंज, साईं विहार, अजीतपुर, स्वार रोड, जौहर यूनिवर्सिटी के आसपास का एरिया के साथ ही नैनीताल रोड पर बिलासपुर गेट के आसपास सर्किल रेट में दस से 15 फीसदी की वृद्धि प्रस्तावित की गई है।
::::::::::::::
-जमीनों के सर्किल रेट प्रस्तावित किए गए हैं। इन पर आपत्तियां मांगी गई है। लोग इन सूचियों को देखकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियों का निस्तारण कराया जाएगा। – संजय श्रीवास्तव, एआईजी स्टांप