Rampur News: दो एमएम की बारिश से शहर की सड़कें लबालब
रामपुर। शनिवार को झमाझम बारिश हो गई। इससे लोगों को काफी राहत मिली, मगर उमस ने पीछा नहीं छोड़ा दोपहर को बारिश बंद होने के बाद लोग पसीने से तरबतर रहे। खास बात यह है कि शहर में हुई इस दो मिलीमीटर की बारिश ने मानसून की तैयारियों की पोल खोल दी। बारिश के चलते सड़कें लबालब हो गई और खड़े वाहनों के पहिए भी आधे से अधिक डूब गए। वाहन पूरे दिन पानी के बीच से निकलते रहे। रात में बूंदाबांदी के बीच उमस बनी रही।
पिछले चार दिन के बाद पारा 12 डिग्री लुढ़क गया। इसके बाद मौसम में काफी नरमी आ गई। सुबह करीब पांच बजे से बारिश के आसार बन गए थे, लेकिन बारिश न होने से उमस काफी अधिक बढ़ रही थी। इसके बाद करीब 11 बजे के आसपास झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगातार दो घंटे तक हुई बारिश से शहर जलमग्न हो गया। शहर की सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया। सिविल लाइन, ज्वालानगर, शाहबाद गेट, पहाड़ी गेट, पक्का तालाब, कचहरी रोड, लवी मार्केट समेत शहर के कई इलाकों में जल भराव की समस्या आ गई। सड़कों पर जगह-जगह खुदी पड़ी गैस की पाइप लाइनों के गड्ढों में भी पानी घुस गया। इस दो घंटे की बारिश से सड़कों पर खड़ी गाड़ियों के पहिए आधे से अधिक डूब गए। इस बीच यहां से कई वाहन गुजरते रहे। रात करीब आठ बजे के बाद से बूंदाबांदी के साथ रिमझिम बारिश होती रही। इस मौसम तब्दीली से आर्द्रता 27 प्रतिशत हो गई, जिससे कुछ राहत मिल सकी। जबकि 7.4 किलोमीटर दक्षिण पूर्व की ओर से चली हवाओं के बावजूद भी उमस बरकरार रही।