Pilibhit News: मनरेगा में 18 लाख का घपला
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 25 Jun 2023 12:20 AM IST
पीलीभीत। गांव गैरतपुर जब्ती में मनरेगा में 18 लाख के घपले की डीएम से शिकायत की गई है। डीएम ने सीडीओ से रिपोर्ट मांगी है।
पूरनपुर ब्लाॅक के गांव गैरतपुर जब्ती के पंचायत सदस्य राम खिलौना, अखिलेश कुमार ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कहा है कि गांव में रोजगार सेवक की तैनाती नहीं है। मनरेगा के कार्यों का संचालन ग्राम प्रधान एवं उसके पुत्र करते हैं। श्रमिकों के जॉब कार्ड से दूसरों के खाते जोड़कर उनमें धनराशि भेज दी है।
वास्तविक जॉब कार्ड धारकों को किए गए कार्यों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। आरोप है अब तक ग्राम प्रधान एवं उसके पुत्र करीब 18 लाख रुपये का घपला कर चुके हैं। डीएम से इस मामले की जांच कराकर गबन की गई धनराशि की वसूली और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई है। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। संवाद