Rampur News: सीओ ने क्षेत्र के भट्ठा संचालकों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश
रामपुर। मिलक क्षेत्र में लगातार हो रही तालाब व नदी में लोगों के डूबने की घटनाओं को देखते हुए क्षेत्र अधिकारी अनुज चौधरी ने क्षेत्र के सभी भट्ठा संचालकों के साथ कोतवाली परिसर में बैठक की। और कुछ बिंदुओं पर दिशा निर्देश देते हुए कहा कि सभी लोग निर्धारित मानकों को अपनाएं वरना उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
शनिवार को कोतवाली प्रांगण में सीओ अनुज चौधरी द्वारा क्षेत्र के सभी ईट भट्ठा संचालकों को बुलाकर एक बैठक की। जिसमें उन्होंने हाल ही में हुई क्षेत्र में नदी व तालाब में डूबने से घटनाओं का जिक्र करते हुए भट्ठा स्वामी और संचालकों को चेतावनी दी। कहा कि अगर आगे भविष्य में इस तरह की घटना भट्ठाें पर होती है तो संचालकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कहा कि सभी भट्ठा संचालक अपने भट्ठे के आसपास की खाली जगह में जहां तालाब बन चुका हो या पानी भरा हो उसकी तत्काल बैरिकेडिंग कराएं और वहां पर नोटिस बोर्ड चस्पा करें। या फिर अपने निजी पैसे से उसकी रखवाली के लिए कर्मचारी नियुक्त करें। जिससे की घटना होने से रोका जा सके। इस अवसर पर सीओ अनुज चौधरी कोतवाली प्रभारी अजय पाल सिंह एवं क्षेत्र के तमाम भट्टा संचालक उपस्थित रहे।


