Rampur News: प्रधान के प्रयास से चमका ‘कोयला’
रामपुर। भोट क्षेत्र के कोयला गांव के ग्राम प्रधान भूकन लाल लोधी ने प्रधान बनने के दो वर्ष के भीतर ही अपनी मेहनत और लगन से गांव की तस्वीर बदल दी। गांव में अब एक ही छत के नीचे ग्रामीणों को स्थायी निवास, आय, जाति, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के साथ ही ऑनलाइन राशनकार्ड, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए आवेदन की सुविधा मिल रही है। मिशन कायाकल्प के तहत गांव का स्कूल भी स्मार्ट बन चुका है। इन सभी कार्यों के चलते ही ग्राम पंचायत को शासन ने सम्मानित किया है।
जनपद के चमरव्वा ब्लाक के कोयला गांव के ग्राम प्रधान ने पिछले दो सालों में गांव में अनेक कार्य कराए। इसके लिए उन्हें राज्य स्तरीय पुरस्कार मिला। ग्राम प्रधान भूकन लाल लोधी ने बताया कि गांव को शिक्षित और सेहतमंद बनाने की मुहिम चलाई है। मॉडल गांव के रूप में अपनी पहचान बनाने कोयला गांव में बनाए गए स्मार्ट पंचायत भवन में ग्रामीणों को तमाम सुविधाएं मिल रही हैं।
सचिव भी रोस्टर के अनुसार पंचायत भवन में बैठते हैं। गांव में बैंक से धन निकासी को सखी की व्यवस्था की गयी है। इन सब कार्यों के चलते ग्रामीणों के अधिकांश सरकारी विभागों तथा बैंक के काम गांव में हो जाते हैं और ग्रामीणों को बाहर नहीं जाना पड़ता है। बच्चों का शैक्षिक स्तर सुधारने को मिशन कायाकल्प के तहत प्राथमिक स्कूल का सौंदर्यीकरण कर स्मार्ट क्लास व लाइब्रेरी की व्यवस्था की गयी है।
वहीं गांव में पक्की नालिया बनायी गईं, जिससे गांव के लोगों को जलभराव से निजात मिल गई। नालियों से आए गंदे पानी को फिल्टर कर तालाब में एकत्र किया जाता है। स्वच्छता मिशन के तहत प्रत्येक घर में शौचालय बनाया गया है। वहीं गांव में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक शौचाल भी है। गांव खुले में शौच से मुक्त हो चुका है। गांव में साफ-सफाई के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र भी बनवाया गया है। जहां गांव का सारा कचरा एकत्र कर छटनी किया जाता है और कचरे को रिसाइकिल किया जाता है। वहीं गांव में प्लास्टिक बैंक बनाए गए हैं, जिसमें लोग प्लास्टिक की चीजें डालते हैं। गांव में वर्मी कंपोस्ट भी बनती है, जिससे जैविक खेती होती है। शासन की ओर से गांव की तस्वीर बदलने के लिए प्रधान को लखनऊ में सम्मानित किया गया।
गांव में जल्द ही लगेंगे सीसीटीवी
ग्राम प्रधान भूकन लाल लोधी ने बताया कि जल्द ही गांव के सभी चौराहों व मुख्य सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे गांव की चौबीस घंटे निगरानी हो सकेगी।
तेलंगाना के गांवों का भ्रमण कर चुके है प्रधान
ग्राम प्रधान भूकन लाल लोधी ने बताया कि गांव में कराए गए विकास कार्यों से प्रभावित होकर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें प्रदेश के ही 17 अन्य ग्राम प्रधानों तथा विभागीय अधिकारियों के साथ तेलंगाना के हैदराबाद जिले के 15 दिवसीय भ्रमण पर भेजा गया था। वहां काफी अच्छे काम हुए हैँ। जल्द ही अपने गांव में भी उसी तर्ज पर काम कराएंगे।
गांव में तेजी से विकास हुआ है। गांव की तस्वीर को बदल दिया गया है। गांव में स्मार्ट स्कूल बनाया गया है साथ ही सफाई का काम भी कराया गया है। – पूरन लाल, ग्रामीण
-गांव में साफ सफाई का पूरा इंतजाम है। बेहतर कार्य कराया गया है। गांव में विकास के कार्य भी तेजी से कराए गए हैं
जागन सिंह, ग्रामीण
गांव में ओडीएफ प्लस के तहत साफ सफाई व स्मार्ट क्लास संचालन गांव में ठोस व तरल अपशिष्ट के प्रबंधन केलिए किए गए कार्यों पर ग्राम पंचायत को यह सम्मान मिला है। अभी यह पंचायत प्रदेश स्तर पर चयनित हुई हैं। उम्मीद है किराष्ट्रीय स्तर परभी जिले की ग्राम पंचायतों का चयन होगा। – जाहिद हुसैन, जिला पंचायत राज अधिकारी