Rampur News: किसानों ने राइस मिल के जीएम के पुतले की निकाली अर्थी, किया दहन
रामपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का धरना केमरी राइस मिल पर 29वें भी दिन भी जारी रहा। इस दौरान किसानों ने राइस मिल के जीएम के पुतले की अर्थी निकाली और मिलक-बिलासपुर तिराहे पर पुतला दहन किया। साथ ही जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन बिलासपुर तहसीलदार को सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
केमरी स्थित राइस मिल की नीलामी में धांधली का आरोप लगाकर दोबारा नीलामी की मांग को लेकर भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष अजय बाबू गंगवार के नेतृत्व में किसान लगातार 29 दिन से राइस मिल पर धरना दे रहे हैं। मांग पूरी न होने पर मंगलवार को किसानों ने राइस मिल के जनरल मैनेजर के पुतले की अर्थी नगर में निकाली। इसके बाद नारेबाजी करते हुए मिलक-बिलासपुर तिराहे पर पुतला दहन कर दिया। साथ ही जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अजय बाबू गंगवार ने कहा कि मिल के जनरल मैनेजर ने भूमाफिया से मिलीभगत कर राइस मिल को मात्र 1.35 करोड़ में नीलाम करा दिया। जबकि केमरी निवासी एक व्यक्ति ने मिल खरीदने के लिए 2.10 करोड़ का एफिडेविट दिया है। इससे साफ हो चुका है कि मिल की नीलामी में पहले बड़ी धांधली हुई है। कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो 25 सितंबर को लखनऊ में होने वाली महापंचायत में भी मुद्दा उठाया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सरदार शमशेर सिंह, मुनीश चंद्र, प्रेमपाल गंगवार, वीरेंद्र गंगवार, हरिद्वार लाल, सुरेंद्र खन्ना, जुबैर खान, राजेंद्र सिंह, अरुण कुमार, खेमेन्द्र पाल आदि मौजूद रहे।