Rampur News: टिल्लू ताजपुरिया की मौत के मामले की लोकपाल से शिकायत
रामपुर। दिल्ली की तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में टिल्लू ताजपुरिया की मौत का मामला अब लोकपाल के पास पहुंच गया है। आरटीआई कार्यकर्ता दानिश खां ने लोकपाल के चेयरमैन के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग रखी है।
दिल्ली की तिहाड़ जेल में सुनील कुमार उर्फ टिल्लू ताजपुरिया की न्यायिक हिरासत में पीटकर हत्या कर दी गई थी। यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बना था। इस मामले में रामपुर के आरटीआई कार्यकर्ता दानिश खां ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर मानवाधिकार आयोग ने मई में केस दर्ज करते हुए दिल्ली पश्चिम के जिलाधिकारी, दिल्ली के मुख्य सचिव व जेल विभाग के डीजी को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। इस मामले में तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
अब इस मामले में लोकपाल के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार मोहंती के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है। आरटीआई कार्यकर्ता ने कहा कि टिल्लू ताजपुरिया की हत्या जेल में षड्यंत्र के तहत की गई है, इसमें जेल प्रशासन की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।