Rampur News: शराब और पैसा बांटने के आरोप में फंसे कांग्रेेस प्रत्याशी
बिलासपुर। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेसी प्रत्याशी रवि टंडन वोट के बदले पैसा और शराब बांटने के आरोप में फंस गए हैं। पुलिस ने प्रत्याशी समेत दो लोगों को खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह के अनुसार कस्बे चौकी प्रभारी श्रीकांत सत्यार्थी रविवार की रात अपने टीम के साथ कस्बे में गश्त कर रहे थे। उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि नगर के मोहल्ला साहूकारा में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के कांग्रेसी उम्मीदवार रवि टंडन अपने घर के पास वोट के लिए लोगों को शराब और पैसा बांट रहे हैं। बकौल पुलिस, पुलिस ने कांग्रेस प्रत्याशी के घर के समीप रात में ही छापामार कार्रवाई की। आरोप है कि पुलिस को देखकर कांग्रेस प्रत्याशी मौके से चले गए। पुलिस ने उनके घर के पास ही एक व्यक्ति को पकड़ कर जब उससे पूछताछ की तो उसने स्वयं को नगर के मोहल्ला साहूकारा निवासी राजेश बताया। आरोप है कि व्यक्ति के पास से पुलिस ने एक देसी शराब का एक पव्वा और उसकी जेब से एक 100 रुपये बरामद किए। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो आरोपी ने पुलिस को बताया कि यह शराब और 100 रुपये कांग्रेस प्रत्याशी ने उन्हें वोट के लालच में दिए हैं। पुलिस ने आईपीसी की धारा 171 ई के तहत कांग्रेस प्रत्याशी रवि टंडन व राजेश के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी रवि टंडन ने बताया कि उनके खिलाफ झूठी और गलत कार्रवाई पुलिस ने सत्ता पक्ष के दबाव में की है। चुनाव में उनको मिल रहे समर्थन से सत्ता पक्ष के लोग घबरा गए हैं। उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। वोइस मामले में कोर्ट का सहारा लेंगे। यह उनको बदनाम करने की साजिश है।

