Rampur News: भाजपा का दामन थामने के बाद भी नहीं बचा पाए गर्दन
रामपुर। आयकर के निशाने पर आने वाले ऐसे ठेकेदार भी हैं जिन्होंने अपनी गर्दन बचाने के लिए सपा नेता आजम खां का साथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। इसके बाद भी वे अपनी गर्दन नहीं बचा पा रहे हैं, क्योंकि इनकी शिकायत तब की गई थी जब वे आजम के करीबी थी। ऐसे में भाजपा में आने के बाद भी आयकर विभाग इन पर शिकंजा कस रहा है। सपा सरकार में रामपुर में निर्माण कार्यों का ठेका आजम खां के चहेतों को दिया जाता था। उस वक्त ठेका मिलने के बाद तमाम लोग मालामाल हो गए। सपा शासन में मालामाल होने के बाद जब सत्ता परिवर्तन हुआ और सपा नेता पर कानूनी शिकंजा कसा तो वही ठेकेदारों ने उनसे मुंह मोड़ लिया। जब इनकी शिकायतें विभिन्न एजेंसियों से की गई तो इन ठेकेदारों ने अपनी गर्दन बचाने के लिए भाजपा का दामन थाम लिया और बड़े भाजपा नेताओं के करीब आ गए।
हालांकि, जब आयकर विभाग ने छापा मारा तो भाजपा नेता चाहकर भी ऐसे ठेकेदारों को नहीं बचा सके। आयकर विभाग के निशाने पर आए ठेकेदारों का चिट्ठा तैयार किया जा रहा है। इन पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की गई है। एक ठेकेदार से आयकर विभाग की टीम पूछताछ भी कर चुकी है। जल्द ही इन ठेकेदारों पर कार्रवाई के संकेत आयकर विभाग ने दिए हैं।
…और खड़ा कर लिया करोड़ों का साम्राज्य
सपा नेता आजम खां के इर्द-गिर्द घूमते-घूमते कई ठेकेदारों ने करोड़ों रुपये का साम्राज्य खड़ा कर लिया। कोई उनका सूटकेस उठाता था और कोई उन्हें रेलवे स्टेशन से लाने और ले जाने के लिए आधी रात खड़ा रहता था। ऐसे ठेकेदारों ने सपा सरकार में आजम खां की मेहरबानी के चलते करोड़ों रुपये के ठेके लिए और मोटा मुनाफा कमाकर करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर लिया। अब यही ठेकेदार आयकर विभाग के निशाने पर आ गए हैं।


