Rampur News: 25 हेक्टेयर भूमि का सीमांकन शुरू, अवैध कब्जा हटाने के लिए ट्रैक्टर चलवाया
रामपुर। शाहबाद के जंगल में खाली पड़ी 25 हेक्टेयर भूदान समिति की भूमि पर भूमाफिया द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया। । एसडीएम के सत्यापन के बाद भूमि को कब्जा मुक्त करना शुरू कर दिया गया है।
शाहबाद के जंगल में पड़ी 25 हेक्टेयर भूदान समिति की भूमि पर अवैध कब्जे पाए गए थे। जिसके बाद एसडीएम ने कब्जा मुक्त करने के लिए हल्का लेखपाल राजकुमार शर्मा को निर्देश दिए। हल्का लेखपाल और कानूनगो ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर चलवा कर भूदान समिति की भूमि का सीमांकन किया और ट्रैक्टर से भूदान समिति की मेड़ बनवाई। राजस्व विभाग की टीम ने सीमांकन करने के बाद भूदान समिति की भूमि को कब्जे में लेना शुरू कर दिया है।
दो दिन पूर्व रविवार को शाहबाद एसडीएम सुनील कुमार ने लेखपाल राजकुमार शर्मा को साथ लेकर भूदान समिति की भूमि का सत्यापन किया था। मौके पर पहुंचकर नक्शे में भूदान समिति की भूमि को देखकर चिह्नीकरण भी किया गया था। लेखपाल राजकुमार शर्मा ने बताया था कि करीब 25 हेक्टेयर भूमि भूदान समिति की है। 15 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जा है। लंबे अर्से से भूमाफिया इस भूमि पर अवैध कब्जा करके धान, गेंहू की फसल करते चले आ रहे हैं। अब राजस्व विभाग ने सीमांकन कर भूदान समिति की भूमि को कब्जे में लेना शुरू कर दिया है। एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि भूदान समिति की जमीन को कब्जे में लिया जा रहा है। इस कार्य में लगभग तीन से चार दिन लग सकते हैं। भूदान समिति की सारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।