रामपुर

Rampur News: टोल प्लाजा पर किसानों का प्रदर्शन, पुलिस पर मारपीट का आरोप

Connect News 24

रामपुर। दो दिन पूर्व कोयला टोल प्लाजा पर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टोल वसूलने का विरोध करने पर किसान से टोल कर्मियों ने मारपीट की थी। आरोप है कि घटना से नाराज भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को प्रदर्शन करने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। इसके विरोध पहुंचे तमाम किसान टोल प्लाजा पर ही धरनेपर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर धरना खत्म किया। क्षेत्र के नवादा गांव निवासी किसान शफी अहमद मंगलवार को लकड़ी भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर टोल से निकले थे तो टोल वसूली को लेकर कर्मचारियों से विवाद हो गया था। आरोप है कि टोल कर्मियों ने उनसे मारपीट की। इसके विरोध में बुधवार को बृहस्पतिवार सुबह भाकियू टिकैत के तहसील अध्यक्ष नईम अहमद के नेतृत्व में किसान टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान नईम अहमद व उनके साथियों से मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने अभद्रता व मारपीट की।

इसकी सूचना मिलने पर भाकियू के जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए और पुलिस पर टोल कर्मियों का साथ देने का आरोप लगाते हुए टोल प्लाजा पर ही धरने पर बैठ गए। आक्रोशित कार्यकर्ता करीब तीन घंटे तक टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन व नारेबाजी करते रहे। सूचना पर उप जिलाधिकारी सदर जगमोहन गुप्ता व क्षेत्राधिकारी बिलासपुर रवि खोखर भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए व किसान नेताओं से वार्ता की। इसके बाद किसान नेताओं ने बदसलूकी व मारपीट करने वाले टोल कर्मी व थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कृषि यंत्रों के साथ ही स्थानीय किसानों से टोल वसूली न किए जाने की मांग संबंधी ज्ञापन एसडीएम को दिया। एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया। इस दौरान मोहम्मद तालिब, होम सिंह यादव, राशिद चौधरी, रंजीत यादव, अंसार सैफी, नईम अहमद, दरयाब सिंह, हरपाल प्रधान, मुराद अली खां, हजूर अहमद, राम बहादुर आदि मौजूद रहे।

पहले भी हो चुका है हंगामा

कोयला टोल प्लाजा पर ट्रैक्टर-ट्राॅलियों व कृषि वाहनों से टोल वसूली को लेकर पहले भी हंगामा हो चुका है। करीब दो माह पूर्व भी ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से जबरन टोल वसूली करने व विरोध पर किसान से मारपीट व अभद्रता करने पर भाकियू भानु के प्रमुख वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी के नेतृत्व में किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया था। प्रभारी निरीक्षक ने टोल प्लाजा मैनेजर व किसानों को किसी तरह समझाकर मामला शांत कराया था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button