रामपुर

Rampur News: भात देकर लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रॉली में डंपर ने मारी टक्कर, दो की मौत

Connect News 24

मसवासी (रामपुर)। गांव मोतीपुर से भात देकर लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली में डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे टॉली में सवार ग्रामीण प्रीतम सिंह (50) पुत्र गोमद निवासी मंसूरपुर और देवी राम (65) निवासी चाऊपुरा मसवासी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रॉली में सवार 12 ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को स्वार और काशीपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा बृहस्पतिवार देर रात रामपुर-बाजपुर हाईवे पर मोतीपुर गांव के पास हुआ। स्वार कोतवाली की मसवासी पुलिस चौकी क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण की बेटी क्षेत्र के मोतीपुरा गांव में ब्याही है। लक्ष्मी नारायण के धेवते राजीव की शुक्रवार को शादी थी। लक्ष्मी नारायण बृहस्पतिवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से भात लेकर मोतीपुरा आए थे। उनके साथ 12-15 रिश्तेदार व परिचित आए थे। भात की रस्म और प्रीतिभोज के बाद देर रात लगभग साढ़े 12 बजे सभी लोग वापस मंसूरपुर के लिए रवाना हुए। ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही गांव से निकल कर रामपुर-बाजपुर राजमार्ग पर आई तभी स्वार दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी जिससे ट्रॉली दूर जा गिरी। ट्रॉली में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। मोतीपुरा के ग्रामीण तत्काल मौके पर आ गए।

दुर्घटना के फौरन बाद चालक डंपर छोड़कर भाग चुका था। ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया तब तक प्रीतम सिंह (50) पुत्र गोमद निवासी मंसूरपुर और देवी राम निवासी चाऊपुरा मसवासी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने यशवंत सिंह पुत्र लखपत सिंह, राजेन्द्र पुत्र लक्ष्मी नारायण, उर्मिला पत्नी सर्वेश, देवा (5) पुत्री हरीश और सुनीता पत्नी राजेन्द्र निवासीगण मंसूरपुर को घायल अवस्था उठाया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और मसवासी चौकी पुलिस मौके पर आ गई। मंसूरपुर के प्रधान विकास कुमार मौर्य भी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर मानपुर उत्तरी तिराहे पर खड़ा करा दिया गया। इस बीच घायलों को स्वार सीएचसी भेज दिया। यहां से यशवंत सिंह, राजेन्द्र और सुनीता को उत्तराखंड स्थित काशीपुर के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। ग्राम प्रधान विकास कुमार मौर्य ने बताया कि लगभग छह-सात और लोग भी मामूली तौर पर चोटिल हुए हैं जिन्हें घर भेज दिया गया। इस बीच मसवासी चौकी इंचार्ज अजय शर्मा ने बताया कि अभी दुर्घटना की तहरीर नहीं मिली है। जैसे ही तहरीर मिलेगी वैसे ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button